
जोधपुर। लूनी थाना पुलिस ने मोड़ी जोशियान गांव रोड पर लग्जरी कार से अफीम का 250 ग्राम दूध जब्त कर दो युवतियों सहित तीन को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपी पर्यटक बन भीलवाड़ा से मादक पदार्थ लेकर आ रहे थे। थानाधिकारी राजेन्द्र चौधरी ने बताया कि महाराष्ट्र नम्बर की लग्जरी कार के खेजड़ली से भटिण्डा रोड की तरफ आने की सूचना पर नाकाबंदी कराई गई। डीएसटी प्रभारी व एसआइ मनोज कुमार को कार के मोड़ी जोशियान रोड पर सड़क से नीचे उतरने और वहीं खड़ी होने व दो महिलाओं व एक युवक के पास संदिग्ध सामग्री होने की सूचना मिली।
पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर थैली में अफीम का 250 ग्राम दूध जब्त किया गया। एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर मूलत: लोहावट थानान्तर्गत मूलराज नगर हाल सांगरिया के अमरावती नगर निवासी कमला पत्नी अभिषेक बिश्नोई, भीलवाड़ा में रामपुरिया निवासी संगीता पुत्री शांतिलाल लोहार व भीलवाड़ा में चैनपुरा निवासी पुखराज पुत्र सोहन लोहार को गिरफ्तार किया। कार भी जब्त की गई।
पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपी पर्यटक बन आंधप्रदेश से अवैध गांजा लेकर भीलवाड़ा आए थे, जहां से फिर अफीम का दूध लेकर जोधपुर पहुंचे थे। आरोपी किनसे अफीम लाए और किसे सप्लाई करने वाले थे इस बारे में पूछताछ की जा रही है।
Published on:
12 Aug 2023, 11:44 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.