जोधपुर में वर्तमान में पेट्रोल की कीमत 108.29 रुपए प्रति लीटर और डीजल की 93.56 लीटर है। कहने को केंद्र सरकार ने 16 जून 2017 से तेल कम्पनियों को तेल की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार के अनुसार प्रतिदिन निर्धारित करने की छूट दी थी, लेकिन बीते 15 महीनों की चुप्पी सरकार पर सवालिया निशान लगा रही है। पांच राज्यों में आगामी महीनों में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए केंद्र सरकार ने 4 नवम्बर 2021 को पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम की। इससे जोधपुर में पेट्रोल 6.35 और डीजल 12.66 रुपए प्रति लीटर सस्ता हो गया। केंद्र के देखादेखी राज्य सरकार ने वैट घटाकर 16 नवम्बर को डीजल करीब 6 रुपए और पेट्रोल करीब 4 रुपए सस्ता किया था। इस साल राजस्थान, तेलंगाना, छतीसगढ़, मध्यप्रदेश और मिजोरम में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में कुछ दिन बाद तेल सस्ता होने की उम्मीद है।