Rajasthan Congress Candidate List: राजस्थान विधानसभा चुनाव को लेकर शनिवार देर रात कांग्रेस ने छठी सूची जारी कर दी है। इसमें सूरसागर विधानसभा से शहजाद खान को टिकट दिया गया है। शहजाद वरिष्ठ कांग्रेसी प्रो. अयूब खान के पुत्र हैं। इस बार भी अयूब खान को सूरसागर विधानसभा से टिकट देने की उम्मीद थी, लेकिन आचार संहिता से पहले ही प्रो. अयूब खान को आरपीएससी का सदस्य बनाया गया। इसके बाद से उनके नाम पर विराम लग गया था। अब कांग्रेस ने खान के बेटे शहजाद को सूरसागर विधानसभा से प्रत्याशी बनाकर युवा चेहरे को चुनावी मैदान में उतारा है। शहजाद को टिकट मिलने के बाद वे काफी भावुक हो गए। वे अपनी मां से गले लगकर खुशी से रोने लगे। उन्होंने कहा, मैं युवा हूं और युवाओं के लिए कार्य करना ही मेरी प्राथमिकता होगी।