पुलिस के अनुसार बालेसर में झिनझिनयाली निवासी रूप सिंह उर्फ रूपा पुत्र नरपत सिंह शनिवार देर रात सर्किट हाउस के सामने स्थित ऑन द रॉक्स होटल से बाहर निकला। उसके साथ दो-तीन दोस्त भी थे। पहले से घात लगाकर बैठे कुछ युवकों ने रूप सिंह उर्फ रूपा को पकड़ लिया और उस पर टूट पड़े। आरोप है कि हमलावरों में जेठूसिंह गड़ा, गजेन्द्रसिंह झालामण्ड, रविन्द्रसिंह दूदोड़ा, नरपत सिंह व पांच-सात अन्य शामिल थे। जेठू सिंह व गजेन्द्र ने तलवार-सरिए से रूपसिंह पर अंधाधुंध वार किए। जिससे उसके दोनों हाथ की अंगुलियों व पांव में फ्रैक्चर हो गए। सिर में भी गम्भीर चोट आई। उसे ऑटो में अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उप निरीक्षक अनिल विश्नोई का कहना है कि घायल के बड़े भाई अर्जुन सिंह ने आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज कराया है। वारदात के बाद सभी हमलावर वहां से भाग निकले।