
आग बुझने के बाद अधिकारियों से अपना दर्द बयां करते व्यापारी
कानपुर में बांस मंडी रोड पर अनवरगंज थाना क्षेत्र में पांच इमारतों में भीषण आग की घटना को देख व्यापारी फूट-फूटकर रोए। उनका कहना था कि हमारी दुकानें नहीं, बल्कि अरमान जल गए। उन्होंने बताया कि ईद और सहालग के चलते स्टॉक जमा किया था, लेकिन आग ने सबकुछ बर्बाद कर दिया। ज्यादातर दुकानदारों ने ईद और सहालग के चलते कर्ज लेकर माल का स्टॉक कर रखा था।
आंखों के सामने धधक उठा पूरा टॉवर
बांस मंडी रोड पर आरएस ट्रेडर्स के मालिक गोविंदनगर निवासी भूपेंद्र सिंह राणा ने बताया कि मसूद टावर में आरएस ट्रेडर्स के नाम से दुकान है। उनका रेडिमेड का काम है। ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी एआर टावर के प्रथम तल पर रखे हुए जूट की पेटी पर जा गिरी।
इससे आग फैलती चली गई। गार्ड की सूचना पर वह परिवार संग मौके पर पहुंचे। हम लोग चिल्लाते रहे कि हम लोगों को माल निकालने दिया जाए। लेकिन उन्हें जाने नहीं दिया गया। देखते ही देखते पूरे टॉवर में आग लग गई। वहां मौजूद व्यापारी और पुलिस कर्मियों ने उन्हें ढांढ़स बंधाया।
80 फीसदी बुझ गई थी आग, अचानक खत्म हो गया पानी
कपड़ा व्यापारी किदवई नगर निवासी अभिषेक अग्रवाल ने बताया "उनका रिचमैन गार्मेंट्स के नाम से मसूद कॉम्प्लेक्स और एआर टॉवर में एक-एक दुकान हैं। रात करीब तीन बजे आग लगने की सूचना मिली। एक सप्ताह पहले ही लाखों रुपये का कर्ज लेकर माल का स्टॉक किया था।
दमकल ने मसूद कॉम्प्लेक्स में लगी आग पर रात तक 80 प्रतिशत काबू पा लिया था, तभी अचानक पानी खत्म हो गया। जब तक पानी का दूसरा टैंकर आता आग ने फिर विकराल रूप घारण कर लिया। देखते ही देखते पूरी मार्केट जलकर राख हो गई।"
कर्ज लेकर मंगाया था माल, पूरा जलकर राख
गुमटी के अशोक नगर निवासी कमल कुमार की नफीस टॉवर में नेहा कलेक्शन के नाम से पांच दुकानें हैं। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि लोग कह रहे हैं कि आग बुझाने में कंट्रोल हो गया है, लेकिन आग अभी भी लगी है। दीवारें दहक रही हैं। बगल के हमराज कॉम्प्लेक्स, एआर टावर में अभी भी आग धधक रहीं है।
तीन दिन पहले मंगाया था लाखों रुपये का माल
किदवईनगर निवासी सुमन पांडेय ने रोते हुए बताया कि उनके तीन बेटे कृष्णा, अरविंद और सुधीर की हमराज कॉम्प्लेक्स में चार दुकाने हैं। तीन दिन पहले ही उनके बेटों ने बैंक से कर्ज लेकर लाखों रुपये का माल मंगाया था। इस अग्निकांड में चारों दुकान जलकर राख हो गया। सदमें में उनके तीनों बेटे बेहोश हो गए।
छह दुकानें जलकर राख, पूरा परिवार बर्बाद
ये कपड़ा व्यापारी खेमचंद्र दुसेजा ने बताया कि उनके परिवार की मार्केट में करीब दुकाने हैं। सभी जल गई हैं। पड़ोस की मार्केट से लगी आग से पूरा परिवार बर्बाद हो गया है। करीब 60 लाख रुपये का माल जलकर राख हो गया। पूरा माल बॉबे, सूरत, अहमदाबाद और दिल्ली से मंगाया था। वह अपने माल यूपी और बिहार में सप्लाई करते हैं।
इन व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स में लगी आग
अरजन कॉम्प्लेक्स, एआर टॉवर, मसूद कॉम्प्लेक्स, हमराज कॉम्प्लेक्स और नफीस कॉम्प्लेक्स। चार से पांच मंजिला बनी इन व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स में डबल स्टोरी बेसमेंट भी बने हुए हैं। इन कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट से लेकर ऊपर तक आग लग थी। जबकि पीछे की तरफ मार्केट का कुछ हिस्सा आग से बचा गया था।
यूपी, बिहार और नेपाल तक कानपुर से जाता है कपड़ा
कपड़ा व्यापारी रविशंकर दुबे ने बताया कि लुधियाना, मद्रास, कलकत्ता, मुंबई से माल आता है। जबकि यूपी, बिहार, दिल्ली और नेपाल तक माल जाता है। ईद की वजह से बड़ी मात्रा में व्यापारियों ने माल जुटाया था। महिलाओं के कपड़ों के मामले में कानपुर यूपी का सबसे बड़ा हब है।
ये ईश्वर की कृपा है कि मेरी दोनों दुकानें बच गईं
व्यापारी जतिन टेकवानी इकलौते व्यापारी हैं, जिनकी दुकान बच गई। उनका मोहन ट्रेडर्स केनाम से एक दुकान एआर टावर और दूसरी मसूद कॉम्प्लेक्स में है। जतिन ने बताया कि उन्होंने हाल ही में 80 लाख रुपये का माल मंगाया था। ये ईश्वर की कृपा है कि मेरी दोनों दुकानें बच गई।
Updated on:
31 Mar 2023, 9:16 PM IST
Published on:
31 Mar 2023, 9:15 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.