
इत्र कारोबारी पीयूष जैन जेल से रिहा, जानें कितने दिन जेल में थे बंद
आखिरकार काफी जद्दोजहद के बाद इत्र कारोबारी पीयूष जैन जेल से रिहा कर दिए गए। पीयूष जैन ने जेल में 254 दिन काटे। वैसे तो उनकी रिहाई दो दिन पहने होनी थी पर दस्तावेजों के सत्यापन गुरुवार को पूरा होने के बाद वह जेल से बाहर आए। हाईकोर्ट के आदेश के बाद जमानत के एवज में पत्नी व बेटे ने दस-दस लाख रुपए के बंधकपत्र जमा कराए। जिनका सत्यापन मंगलवार को पूरा हो गया था। महानिदेशालय जीएसटी इंटेलीजेंस डीजीजीआइ अहमदाबाद की टीम ने 23 दिसंबर 2021 को इत्र कारोबारी पीयूष जैन के कानपुर आनंदपुरी स्थित आवास और कन्नौज स्थित फर्म पर छापा मारा था। जहां से 196 करोड़ रुपए और 23 किग्रा विदेशी सोना बरामद किया गया था। जेल से बाहर आने के बाद पीयूष जैन एक शब्द भी नहीं बोले। पीयूष जैन को लेने के लिए एडवोकेट अंबर भरतिया हाईकोर्ट के एडवोकेट अनुराग खन्ना और उनकी टीम मौजूद रही।
एफडी का सत्यापन होने पर हुए रिहा
इत्र कारोबारी पीयूष जैन को एक सितंबर 2022 को हाईकोर्ट से 196 करोड़ रुपए बरामदगी मामले में जमानत मिली थी। इस मामले में उसकी पत्नी कल्पना जैन और बेटा प्रियांश जैन ने दस-दस लाख रुपए की एफडी बंधपत्र के रूप में दाखिल की थी। एफडी का सत्यापन होने के बाद बुधवार शाम पीयूष को जेल से छोड़ने का परवाना जेल भेजा गया था।
इस वजह से एक दिन बाद हुई रिहाई
इत्र कारोबारी पीयूष जैन की रिहाई दस्तावेज मिलान न होने से फंस गई थी। जिस कारण बुधवार को रिहा नहीं किया गया। दरअसल चलानी रिपोर्ट में वादी की जगह डीजीजीआइ अहमदाबाद दर्ज था जबकि रिहाई परवाना में डीजीजीआइ काकादेव लिखकर कोर्ट से भेजा गया। ऐसे में पीयूष की रिहाई लटक गई थी।
इत्र कारोबारी पीयूष जैन मामला क्या है जानें
डीजीजीआइ अहमदाबाद की टीम ने 23 दिसंबर 2021 को इत्र कारोबारी पीयूष जैन के आनंदपुरी स्थित आवास और कन्नौज स्थित फर्म पर छापा मारा था। चार दिन छापे में 196 करोड़ रुपए से अधिक की धनराशि बरामद हुई थी। साथ ही 23 किग्रा विदेशी मुहर लगा सोना और 600 लीटर चंदन का तेल बरामद हुआ था। पीयूष पर दो मुकदमे दर्ज किए गए थे और 27 दिसंबर को उसे जेल भेजा गया था।
Published on:
8 Sep 2022, 3:55 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.