
कटनी. हाथों में पौधे लिए बच्चे, एक-एक पौधे को गड्ढों में रखकर उनकी जड़ों में मिट्टी व खाद का छिड़काव करते लोग, पौधों की सुरक्षा व बचाव के लिए मार्गदर्शन करते वरिष्ठजन। कुछ इस तरह का नजारा रहा रविवार की सुबह माधवनगर में जागृति पार्क की 45 एकड़ भूमि में पत्रिका हरित प्रदेश अभियान के अवसर पर पौधरोपण का। पर्यावरण विकास संधारण समिति व जागृति संस्था के साथ वृहद पौधरोपण अभियान शुभारंभ रविवार सुबह 7 बजे रिमझिम बारिश के बीच हुआ। पौधरोपण के इस अभियान में बारिश के बाद भी लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ और तीन घंटे से ज्यादा समय में स्वयंसेवी संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी, कर्मचारियों के साथ छात्रों व आमजनों ने पांच हजार से अधिक पौधे पहाड़ी में रोपे और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
स्थल के हिसाब से पौधों का चयन
पर्यावरण विकास संधारण समिति व जागृति संस्था के द्वारा 6 हजार से अधिक पौधे स्थानीय सरकारी नर्सरी, जबलपुर की नर्सरी से पौधे मंगाए गए थे। जिसमें बरगद, आम, नीम, पीपल, बांस, गुलमोहर, जामुन, कटहल सहित अन्य पौधे शामिल थे। पौधों को लगाने में भी स्थल का चयन इस तरह से किया गया कि आने वाले समय में पूरी पहाड़ी सुंदर नजर आए।
किराया की हर माह वसूली, यहां व्यापारियों की नहीं नगर निगम को परवाह….

सुरक्षा के लिए आगे आए लोग
पहाड़ी में पौधे रोपने के साथ ही उनकी सुरक्षा व संरक्षण को लेकर भी शहर के व्यापारी, समाजिक व स्वयंसेवी संस्थाओं के लोग आए। पौधों की सालभर सिंचाई, सुरक्षा के लिए जाली की व्यवस्था के लिए सहयोग दिया।
संस्थाओं का हुआ सम्मान
पौधरोपण अभियान में विशेष सहयोग करने वाली सभी संस्थाओं का पर्यावरण विकास संधारण समिति द्वारा सम्मान किया गया। कलेक्टर सिंह व एसपी शाक्यवार के साथ वरिष्ठ समाजसेवियों ने संस्था प्रमुखों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। पत्रिका के हरित प्रदेश अभियान की सराहना कर टीम को भी पर्यावरण मित्र पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
पत्रिका हरित प्रदेश अभियान- बच्चों के बेहतर कल के लिए वृद्ध दंपत्ति ने किया ये काम…पढि़ए खबर
इन संस्थाओं का रहा सहयोग
जागृति संस्था, भारत विकास परिषद, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन, सराफा एसोसिएशन, गायत्री परिवार, मांझी समाज, जन परिषद जिला इकाई, जन परिषद महिला इकाई, गुगालिया चेरिटेबल ट्रस्ट, आर्य समाज, कटनी टेंट व्यापारी संघ, नेक कदम, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, जायंट्स ग्रुप ऑफ मुड़वारा, जायंट्स सहेली गु्रप, जायंट्स वैदेही ग्रुप, सत्य सांई सेवा समिति, स्काउट एंड गाइड, ब्राह्मण समाज, होप ग्रुप, साक्षी नेहरू युवा मंडल, साक्षी फाउंडेशन, चित्रांश युवा मंडल, माधवनगर युवा विकास संघर्ष समिति, काव्या फाउंडेशन, शासकीय तिलक कॉलेज, कहार समाज, रजक समाज, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन, सचदेवा परिवार सहित अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद थे।
अधिकारियों में दिखा उत्साह
– यह एक प्रशंसनीय पहल है और इसका लाभ आने वाले समय में शहरवासियों को मिलेगा।
एसबी सिंह कलेक्टर
– इतने बड़े क्षेत्र में जिस तरह से पौधे लगाने व उनके संरक्षण का कार्य किया जा रहा है, निश्चित ही लोगों को इससे प्रेरणा मिलेगी और एक सुंदर स्थान भी लोगों को मिलेगा।
ललित शाक्यवार एसपी
– पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पत्रिका और जाग्रति संस्था का प्रयास सराहनीय है। निश्चित तौर पर इससे शहर का वातावरण शुद्ध रहेगा।
अलका जैन पूर्व शिक्षा राज्यमंत्री मध्यप्रदेश
