
-कोरोना वायरस को लेकर होली पर्व के लिए स्वास्थ्य विभाग ने दी सलाह-जिला अस्पताल में अलग से शुरू हुई सर्दी, खांसी के मरीजों की ओपीडी-नए और पुराने पर्ची काउंटर से बनी पर्ची, दिनभर में 120 मरीजों की हुई जांच
खंडवा. कोरोना वायरस से बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सर्दी, खांसी, जुकाम के मरीजों को होली खेलने से परहेज करने की सलाह दी है। साथ ही विदेश से आए लोगों को भी होली के दिन घर से बाहर न निकलने की अपील की है। वहीं, कोरोना वायरस के चलते सर्दी, खांसी, जुकाम के मरीजों के लिए जिला अस्पताल में अलग से ओपीडी भी आरंभ कर दी गई है। सोमवार को नई ओपीडी में करीब 120 मरीजों की जांच की गई।
जिला महामारी नियंत्रक डॉ. योगेश शर्मा ने बताया कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए सुरक्षा ही सबसे बड़ा उपाय है। जिन लोगों को सर्दी, जुकाम, खांसी और बुखार है वे होली न खेलें, जिससे सर्दी, जुकाम का संक्रमण दूसरों में न फैले। वहीं, अपने आस पड़ोस में भी ध्यान रखे कि कोई यदि विदेश यात्रा से आया है तो उसे होली खेलने से मना करे। विदेश यात्रा से आने वाले लोगों से भी अपील है कि होली के दिन वे घर से बाहर न निकले। कोरोना वायरस का संक्रमण पानी के माध्यम से तेजी से असर करता है। हालांकि अभी तक शहर में एक भी संदिग्ध कोरोना वायरस का नहीं आया है, लेकिन सावधानी रखना बेहद जरूरी है।
आयसोलेशन वार्ड भी होगा शिफ्ट
कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीजों के लिए जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर की ऊपरी मंजिल पर बनाए गए चार बेड के आयसोलेशन वार्ड को भी बदला जाएगा। डॉ. योगेश शर्मा ने बताया कि संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए ऊपरी मंजिल पर थोड़ी परेशानी आ सकती है। इसके लिए वार्ड को ट्रामा सेंटर में नीचे शिफ्ट किया जा रहा है। साथ ही आयसोलेशन वार्ड के बेड भी बढ़ाए जा रहे हैं। होली के बाद से वार्ड शिफ्ट कर दिया जाएगा। वहीं, कोरोना वायरस के चलते सर्दी, खांसी के मरीजों के लिए जिला अस्पताल के पुराने भवन के कक्ष क्रमांक 18 में अलग से ओपीडी शुरू की गई है। जिसकी पर्ची नए और पुराने भवन स्थित पर्ची काउंटर से बनाई जा रही है। सोमवार को डॉ. गायत्री जोरम द्वारा 120 से अधिक मरीजों की जांच की गई।
Published on:
10 Mar 2020 05:45 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
