
नशे में धुत निलंबित CMO ने मचाया तांडव, कार से 5 लोगों को कुचला, वारदात CCTV में कैद
मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के भीकनगांव नगर परिषद के निलंबित सीएमओ मोहन सिंह अलावा ने नशे की हालत में दिन दहाड़े अपनी कार से सड़क पर 5 लोगों को कुचल दिया है। इस भीषण हादसे में एक की मौत हो गई है, जबकि 4 अन्य राहगीर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना की जानकारी लगते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल गायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, वारदात को अंजाम देने वाले पूर्व सीएमओ को इलाके में मौजूद भीड़ ने पकड़ लिया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आपको बता दें कि, ये हैरान कर देने वाला सड़क हादसा भीकनगांव बस स्टैंड के पास हुआ। पूर्व सीएमओ आलावा द्वारा लापरवाही पूर्वक ड्राइविंग करते हुए मार्ग से गुजर रहे 5 लोगों पर कार चढ़ा दी। इस हादसे में कोदला जागीर में रहने वाले रामलाल धनगर की इंदौर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल अन्य 4 लोगों का भीकनगांव के अस्पताल में इलाज चल रहा है। लोगों को कार से रौंदने से पहले पूर्व सीएमओ ने कुछ मीटर दूरी पर स्थित मोड़ पर भी स्थित दुकान के सामान को अपनी चपेट में लिया था। इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि, हादसे के वक्त पूर्व सीएमओ शराब के नशे में धुत था।
घटना CCTV में कैद
घटना के दौरान रेपिड एक्शन फोर्स और स्थानीय पुलिस का संयुक्त दल बस स्टैंड के पास फ्लैग मार्च कर रहा था। मामले को लेकर थाना प्रभारी सौरभ बाथम का कहना है कि, मोहन सिंह आलावा अपनी आर्टिका कार MP10CB 1175 को तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए कोर्ट के सामने लाया और पांच राहगीरों को कुचल दिया। इसमें रामलाल निवासी कोदला जागीर को गंभीर चोट आई। उसे प्राथमिक उपचार के बाद खरगोन रेफर किया गया। जहां से इंदौर ले जाते समय उससकी मौत हो गई। सीएमओ का मेडिकल करवा लिया गया है।
शिवराज ने मंच से किया था निलंबित
आपको बता दें कि, सड़क पर कार से तांडव मचाने वाले पूर्व सीएमओ मोहन सिंह अलावा को बीते 14 दिसंबर को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खरगोन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंच से निलंबित किया था। कार्य के लिए राशि अध्यक्ष और सीएमओ को एक साथ निकालने थे, लेकिन सीएमओ ने उस राशि को अकेले ही निकाल लिया था। इस शिकायत के आधार पर सीएम ने तत्काल एक्शन लेते हुए अलावा के खिलाफ एक्शन लिया था।
Published on:
12 Jan 2023, 9:11 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.