
Weather : तेज आंधी व पानी से कहीं टूटा तार तो कहीं गिरा पेड़, रात भर रही बिजली गुल, सड़कों पर छाया रहा अंधेरा
कोरबा . रविवार की शाम आधे घंटे की अंधड़ से शहर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई। देर रात तक आधे से ज्यादा शहर व उपनगरीय इलाकों में बिजली गुल रही। वितरण विभाग की व्यवस्था इतनी कमजोर रही कि पूरा सिस्टम हांफ गया। जगह-जगह पेड़ गिर गए, तार भी क्षतिग्रस्त हो गए। आम लोगों को इससे काफी परेशानी हुई। कई क्षेत्रों में रात भर बिजली गुल रही।
पिछले एक पखवाड़े ऐसा कोई दिन नहीं गुजर रहा जब सुबह से लेकर रात्रि तक बिजली की आंख मिचौली से आम लोग परेशान रहे। बिजली विभाग द्वारा सुधार कार्य करने के बाद देर रात आपूर्ति बहाल की गई। कई क्षेत्रों में बिजली की शिकायतें नहीं सुनी गईं, जबकि मोहल्ले में ही सब स्टेशन है जिसमे कर्मचारी की तैनाती भी रहती है। इसके बाद भी बिभाग अपने सिस्टम को सही रूप से क्रियान्वयन कर पाने में पसीना निकल जा रहा है जिसका खामियाजा शहर- ग्रामीण क्षेत्र की जनता एवं बिजली उपभोक्ताओं को भुगतनी पड़ रही हैं।
रविवार को सुबह से तेज धूप के बाद शाम साढ़े चार बजे अचानक मौसम बदला। तेज गर्जना के साथ आंधी बारिश शुरू हुई। जो कि पौन घंटे से ज्यादा देर तक होती रही। इसका सबसे ज्यादा असर शहर बिजली आपूर्ति पर पड़ी। क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को सुधार किए जाने की कोई कारगर पहल नहीं किए जाने से यहां की जनता बिजली की आंख मिचौली से त्रस्त एवं हलाकान हो चुकी है। कई शिकायतों के बाद भी किसी प्रकार की व्यवस्था में सुधार नहीं होने से आम लोगों में भारी रोष व्याप्त है। हरदीबाजार क्षेत्र में बिजली के खंभे गिर गए। सड़क पर तार होने से यातायात बाधित रहा।
एक दिन पहले पूरी रात किया परेशान
इससे पहले शनिवार की शाम तेज आंधी के साथ हुई झमाझम बारिश ने विद्युत वितरण व्यवस्था एवं विभाग की प्री मानसून मेंटनेस की पोल खोल कर रख दी। शनिवार की शाम से गुल हुई बिजली कई स्थानों पर रात्रि 12 से 1 बजे के बीच आई वहीं कई स्थानों पर सुबह तक भी विद्युत आपूर्ति व्यवस्था बहाल नहीं की जा सकी थी। जिसके कारण आम लोगों को भीषण गर्मी से परेशान होना पड़ा। जिन स्थानों में बिजली आ भी गई थी। वहां लगातार आंख मिचौली का सिलसिला चलता रहा। मानसून से पहले ही हो रही बारिश व आंधी तूफान ने विद्युत वितरण व्यवस्था की पोल खोल दी है।
पाली क्षेत्र में आंधी-तूफान व बारिश से जीवन अस्त-व्यस्त
पाली क्षेत्र में रविवार की शाम करीब चार बजे आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश हुई। इससे बिजली सप्लाई घंटों प्रभावित रही। आंधी इतनी तेज थी की कई जगह पेड़ गिर गए। कुछ पेड़ सड़क पर गिरे जिससे आवागमन बाधित हो गया वहीं कई पेड़ बिजली तार में गिरने से विद्युत वितरण व्यवस्था ठप हो गई। शनिवार की रात भी क्षेत्र में आंधी के साथ बारिश हुई थी। इससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हुआ है।
वाहनों को भी पहुंचा नुकसान
आंधी से कई स्थानों पेड़ धराशायी हुई। कई स्थानों पर पेड़ के नीचे खड़े वाहन चपेट में आ गए। इससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गई। कुछ लोगों को हल्की चोटें आने की भी जानकारी मिली है।
घरों में घुसा बारिश का पानी, बढ़ी परेशानी
झमाझम बारिश से पाली क्षेत्र में जल जमाव की स्थिति निर्मित हो गई। कई स्थानों पर पानी भर गया। पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने से लोगों के घरों में घुस गया। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगे अंधेरे में घरों से पानी निकालते रहे।
Published on:
4 Jun 2018, 11:44 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.