
Illegal election material
बैकुंठपुर. विधानसभा चुनाव की तहसील स्तरीय उडऩदस्ता प्रभारी (कार्यपालक दण्डाधिकारी) की रिपोर्ट पर भारतीय जनता पार्टी की अवैध प्रचार सामग्री पकड़ाने के मामले में कोरिया जिले में पहला मामला दर्ज कराया गया है। 22 अक्टूबर को टीम ने 29 बोरा अवैध प्रचार सामग्री जब्त की थी।
उडऩदस्ता प्रभारी पीआर फुलेकर ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि विधानसभा चुनाव की आचार संहिता के दौरान के लिए 22 अक्टूबर को ग्राम सुरमी चौक में वाहन चेकिंग करते समय वाहन स्वराज माजदा क्रमांक सीजी 16 ए-2341 में 29 बोरा में भाजपा का झण्डा, पोस्टर वगैरह बिना प्रकाशक एवं मुद्रक मिलने पर वाहन चालक से जब्त कर कोतवाली को सौंप कर जिला निर्वाचन अधिकारी को लिखित सूचना दी थी।
जब्त वाहन चालक सोमार साय पिता जवाहिर लाल बैगा (43) ग्राम रतनपुर थाना खडगवां की है। मामले में अपर कलक्टर नोडल अधिकारी उडऩदस्ता बैकुंठपुर ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। इससे कोतवाली ने लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950, 1951, 1989 के तहत धारा 127ए के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
प्रचार सामग्री-वाहन की कीमत 9 लाख, सामग्री से मुद्रक-प्रकाशक का नाम गायब
बैकुंठपुर उडऩदस्ता प्रभारी फुलेकर के अनुसार ग्राम पंचायत सुरमी चौक में जब्त चुनाव प्रचार सामग्री की अनुमानित राशि लगभग 4 लाख एवं माजदा स्वराज की राशि 5 लाख हो सकती है।
वाहन में भारतीय जनता पार्टी की चुनाव प्रचार सामग्री 29 बोरा में लोड थी, जिसमें भाजपा का झण्डा, पोस्टर सहित अन्य सामग्री शामिल थी। प्रचार सामग्री में प्रकाशक एवं मुद्रक का नाम प्रकाशित नहीं किया गया था।
Updated on:
27 Oct 2018 05:33 pm
Published on:
27 Oct 2018 05:33 pm
