
25 murders in 10 months at Kota
जरा-जरा सी बात पर चाकू मारने के लिए कुख्यात रहे कोटा के अपराधी एक बार फिर पुराने ट्रेंड से वारदातों को अंजाम देने में जुट गए हैं। जरायम की दुनिया में एक बार फिर पैर जमाने की कोशिश में जुटे अपराधी इस बार चोरी, लूट और हत्याओं के मामले में नाबालिग और छोटी उम्र के बच्चों का इस्तेमाल कर रहे हैं। वहीं कोटा के लोग छोटी बात और जरा सी कहासुनी पर सब्र खोने लगे हैं। हत्या के मामले में तो पिछले पांच साल का रिकार्ड ही टूट गया।
हत्याओं का टूटा रिकॉर्ड
एक दशक की खामोशी के बाद कोचिंग नगरी कोटा एक बार फिर संगठित अपराध की चपेट में आने लगी है। इस साल महज 10 महीनों में 25 लोगों की हत्या हो गई। जो पिछले 5 सालों में सबसे ज्यादा है। वर्ष 2013 से 2016 तक हर साल औसतन 17-18 हत्याएं होती रही हैं, लेकिन इस बार पांच साल का रिकॉर्ड ही टूट गया। चिंता का सबब यह है कि इस साल हुई 23 में ज्यादातर हत्याएं मामूली बातों पर हुई। किसी भी हत्या की न तो कोई बड़ी वहज रही और ना ही पुरानी रंजिश।
फिर ट्रेंड में आई चाकूबाजी
हत्या, चोरी और लूट की वारदातों से भी ज्यादा चौंकाने वाली बात यह रही कि कभी चाकूबाजी के लिए कुख्यात रहे कोटा में ये ट्रेंड दोबारा लौटने लगा है। चाहे शाहेनूर मर्डर केस हो या फिर चित्तौड़ के सर्राफ को लूटने की कोशिश दोनों ही ताजे मामलों में अपराधियों ने चाकुओं का इस्तेमाल कर वारदात को अंजाम दिया। वहीं इससे पहले भी चाकूबाजी के 55 से ज्यादा मामले साल भर में सामने आ चुके हैं।
किराएदार की शिकायत करने पर हुई हत्या
तलवंडी निवासी नेत्र विशेषज्ञ डॉ. एमएस सिंघवी की 69 वर्षीय पत्नी प्रेमलता की 8 मार्च को उन्हीं के मकान में किराए से रहने वाले नाबालिग कोचिंग छात्र ने दोस्तों के साथ मिलकर हत्या कर दी। हत्यारों ने पहले बेल्ट से प्रेमलता के हाथ-पैर बांधे फिर गला घोंटकर मार डाला। हत्या के बाद आरोपी जेवर और कार लेकर फरार हो गए। हत्या में शामिल तीनों नाबालिग थे। उत्तर प्रदेश के मथुरा से जब पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार किया तो हत्या की वजह खुली, जिसे सुनकर हर कोई दंग रह गया। कोचिंग छात्र वृद्धा से इसलिए बैर पाले हुए था, क्योंकि उन्होंने उसके कोचिंग क्लास में नहीं जाने की शिकायत उसके पिता से कर दी थी।
बीड़ी पीने से रोका तो फावड़े से काट डाला
6 मई 2017 को महावीर नगर प्रथम निवासी पप्पू लाल और छोटा भाई अजय देर रात साथ बैठकर शराब पी रहे थे। दोनों में कहासुनी हुई तो छोटे भाई ने बड़े पर चाकू से वार किया, वो बच गया तो बड़े ने छोटे पर फावड़े से वार करके उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने उसे कुछ घंटों पर बाद गिरफ्तार कर लिया था। महज एक बीड़ी हत्या की वजह बन गई। हुआ यूं कि अजय ने पहले पप्पू को बीड़ी पीने से रोका तो उसने बड़े पर चाकुओं से वार किए। गुस्साए बड़े भाई ने फावड़े से छोटे के सिर पर वार करके हत्या कर दी।
कट मारने से रोकने पर मिले 3 चाकुओं के वार
24 अक्टूबर 2017 को दादाबाड़ी थाना क्षेत्र स्थित रावतभाटा रोड पर 19 वर्षीय शिवपुरा निवासी संदीप कपूर को ताबड़तोड़ चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। दर्जनों लोग दुकानदार तमाशबीन बने देखते रहे, लेकिन एक भी आरोपियों को रोकने और संदीप को बचाने की कोशिश नहीं की। बदमाशों ने उसके सीने पर 3, सिर पर 1 वार किया। हत्या की वजह महज इतनी सी थी कि दो लड़के बाइक से आए और रोड पर खड़े संदीप को कट मारा। इस बात पर संदीप ने आपत्ति जताई तो कुछ मिनट बाद दोनों एक बदमाश के साथ आए और चाकू मार दिए।
बाइक हटाने को कहा तो बेरहमी से गोद डाला
दशहरा मेले की पार्किंग पर 15 अक्टूबर की रात 12 जनों ने 55 वर्षीय पार्किंग ठेकेदार मुकुट बिहारी मेहरा को चाकुओं से गोदकर बड़ी बेरहमी से मार डाला। हमलावर इस कदर बेखौफ थे कि उन्होंने पार्किंग ठेकेदार को सरेराह चाकुओं से गोद डाला था। हत्या की वजह महज इतनी थी कि पार्किंग फुल होने पर ठेकेदार के बेटे विष्णु मेहरा ने उन्हें बाइक कहीं और लगाने के लिए कहा था। पुलिस ने 12 जनों को पकड़ा, जिसमें 2 नाबालिग थे।
मौत का सबब बन गया शादी से इनकार
नेहरू नगर में रहने वाली 12वीं कक्षा की 18 वर्षीय छात्रा शाहेनूर उर्फ शीनू का शादी से इनकार करना उसकी हत्या का सबब बन गया। शाहेनूर के पूर्व मंगेतर साबिर हुसैन ने 8 दिसंबर की रात शाहेनूर पर सरेराह चाकू से 22 बार वार किया। हत्यारे मंगेतर ने शाहेनूर की हत्या करने के बाद खुद को भी चाकुओं से गोदकर मारने की कोशिश की, लेकिन उनससे पहले ही पुलिस ने उसे धर दबोचा।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Published on:
13 Dec 2017, 11:09 AM IST
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़




