
3 hospitals black list for fake claims in Bhamashah Health Insurance
राजस्थान सरकार की भामाशाह हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम में फर्जी क्लेम हड़पने का बड़ा खुलासा हुआ है। हॉस्पिटलों ने मरीजों का इलाज किए बिना ही उनके डॉक्यूमेंट सब्मिट करा लाखों रुपए का इंश्योरेंस उठा लिया। इश्योरेंस कंपनी को जब शक हुआ तो उसने गोपनीय जांच कराई जिसके बाद पूरा फर्जीवाड़ा पकड़ में आ गया। हेल्थ इंश्योरेंस क्लेम में फर्जीवाड़ा करने वाले कोटा के तीन बड़े प्राईवेट हॉस्पिटल को दि न्यू इंडिया एश्योरेंस कम्पनी ने ब्लैक लिस्ट कर दिया है। वहीं दो को नोटिस देकर जवाब मांगा है।
जांच टीम ने अचानक मारा छापा
लगातार बड़े-बड़े हेल्थ इंश्योरेंस के क्लेम आने और कई मामलों में दो-दो बार पैसा क्लेम करने के मामले सामने आने के बाद दि न्यू इंडिया एश्योरेंस कम्पनी के अधिकारियों की टीम ने कोटा में भामाशाह योजना के तहत अनुबंधित निजी अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया। टीम जब हॉस्पिटल में पहुंची तो देखकर चौंक गई कि जिन मरीजों के नाम से हेल्थ इंश्योरेंस का पैसा किया गया है। वह हॉस्पिटल में ही भर्ती नहीं हैं। शक गहराने पर जब गहनता से जांच की गई तो सारे फर्जीवाड़े का खुलासा हो गया।
क्लेम आईसीयू का, मरीज जनरल वार्ड में था भर्ती
दि न्यू इंडिया एश्योरेंस कम्पनी के अधिकारियों की टीम जब हॉस्पिटल्स के औचक निरीक्षण पर पहुंची तो चौंकाने वाले खुलासे हुए। कुन्हाड़ी स्थित श्रीहरि हॉस्पिटल ने एक मरीज की हालत गंभीर बताते हुए उसे आईसीयू में एडमिट दिखाकर इलाज के पैसों का क्लेम किया था, लेकिन जब जांच टीम श्रीहरि हॉस्पिटल पहुंची तो पता चला कि जिस मरीज को आईसीयू में भर्ती दिखाया जा रहा था, उसे हॉस्पिटल मैनेजमेंट ने जनरल वार्ड में ही भर्ती कर रखा है।
ऑपरेशन किया ही नहीं, इंश्योरेंस क्लेम कर दिया
वहीं शोपिंग सेंटर स्थित अनिता आई हॉस्पिटल ने भामाशाह हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम के जरिए एक मरीज की दांई आंख का ऑपरेशन करने का दावा किया था, लेकिन जब जांच टीम औचक निरीक्षण करने हॉस्पिटल पहुंची तो खुलासा हुआ कि मरीज ने ऑपरेशन ही नहीं कराया। एेसे ही जायसवाल हॉस्पिटल, सुधा हॉस्पिटल और टीटी हॉस्पिटल में गरीब मरीजों के नाम पर भामाशाह हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम के तहत फर्जी इंश्योरेंस क्लेम करके पैसे उठाने के मामले पकड़ में आए।
तीन हॉस्पिटल हुए ब्लैक लिस्ट
भामाशाह हेल्थ स्कीम की नोडल इंश्योरेंस कंपनी दि न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी ने फर्जी इंश्योरेंस क्लेम पकड़े जाने के बाद शोपिंग सेंटर स्थित अनिता आई हॉस्पिटल, कुन्हाड़ी स्थित श्रीहरि और तलवंडी स्थित जायसवाल हॉस्पिटल को ब्लैक लिस्ट कर दिया है। वहीं, तलवंडी स्थित सुधा हॉस्पिटल, केशवपुरा स्थित टीटी हॉस्पिटल को नोटिस देकर जवाब तलब किया हैं। जब तक हॉस्पिटल संचालक नोटिस का जवाब नहीं देगे, तब तक कम्पनी इन्हें भी इंश्योरेंस का फायदा नहीं देगी।
नियमित होगी जांच
दि न्यू इंडिया एश्योरेंस कम्पनी कोटा के उपप्रबंधक समालाल ने बताया कि कम्पनी की ओर से गठित हाई लेवल टीम ने शहर के पांच प्रमुख हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण किया था। इसमें शहर के तीन प्रमुख हॉस्पिटलों में फर्जीवाड़ा पकड़े जाने के बाद ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। जबकि दो से नोटिस देकर जवाब मांगा है। इंश्योरेंस क्लेम में फर्जीवाड़े का खुलासा होने के बाद कंपनी अब क्लेम की नियमित जांच करेगी।
Updated on:
21 Nov 2017, 4:20 PM IST
Published on:
21 Nov 2017, 2:37 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.