पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कार्यालय के सबसे नजदीकी कस्बे कैथून में 25 दिन पहले व्यापारी के परिवार से हुई लूट का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है। कैथून के अलावा रामगंजमंडी, बपावरकलां में हुई चोरी और लूट की घटनाओं से भी अभी तक पर्दा नहीं उठ सका है। इलाके में चोरी की वारदातों का खुलासा नहीं होने पर ग्रामीण एसपी डा. राजीव पचार ने हाल में थानाधिकारियों पर अधिकारियों की क्राइम मीटिंग में कड़ी नाराजगी जताई थी, लेकिन इसका फर्क होता हुआ नहीं दिख रहा है। कैथून में 14 अगस्त को हुई व्यापारी कन्हैयालाल सांभरिया के घर पर लुटेरों ने घुसकर लूटपाट की थी। लाखों के जेवरात व नकदी ले गए थे। चाकू से वार भी किया था। इस वारदात के बाद से ही स्थानीय व्यापारियों ने रोष व्याप्त है। व्यापारियों ने पुलिस पर सुस्ती के आरोप भी लगाए हैं। व्यापारियों का कहना है कि पिछले कुछ माह से कैथून थाना क्षेत्र में लगातार घटनाएं हो रही है, पुलिस गश्त भी नहीं होती है। थानाधिकारी पुष्पेन्द्र आडा अब भी तफ्तीश जारी रहने की बात कह रहे हैं।