
राष्ट्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण
केन्द्र सरकार की ओर से जनवरी में होने वाले राष्ट्रीय स्तर के स्वच्छता सर्वेक्षण की गाइड लाइन जारी होने के बाद सभी निकायों ने अपने-अपने स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। पिछले चार सालों से लगातार रैंकिंग में पिछडऩे के बाद इस बार नगर निगम कोटा ने रैंकिंग की दौड़ में आगे निकलने की पूरी तैयारी कर ली है। इस बार स्वच्छता अभियान से शहरवासियों को भी जोड़ा जा रहा है। स्वच्छता सर्वेक्षण में इस बार देशभर के 4041 शहर भाग लेंगे। इसलिए मुकाबला कड़ा होगा। इसके मद्देनजर निगम ने सफाई का एक्शन प्लान तैयार कर लिया है। अब इसकी क्रियान्विति में निगम जुट गया है। आयुक्त डॉ. विक्रम जिंदल ने गाइड लाइन के हिसाब से एक-एक बिन्दु का विश्लेषण कर अधिकारियों को लक्ष्य दिया है। जनवरी तक निगम का पूरा फोकस सर्वेक्षण के मद्देनजर सफाई पर ही रहेगा।
प्लॉट मालिक पर लगाया जुर्माना
नगर निगम की टीम ने विज्ञान नगर क्षेत्र में कृषि भूमि पर बसी अमन कॉलोनी के खाली पड़े प्लॉट 23 व 24 पर बड़ी मात्रा में कचरा एकत्रित होने व भूखण्ड में भरे पानी के कारण डेंगू, मलेरिया, स्वाईन फ्लू जैसी गम्भीर बीमारियों के फैलने की आशंका को देखते हुए बुधवार को निगम ने प्लॉट मालिक खलील उर्रहमान पर 2000 रुपए का जुर्माना लगाया। उपायुक्त राजेश डागा ने बताया कि प्लॉट मालिक पर जुर्माने के साथ ही उसे 3 दिवस में भूखण्ड की सफाई व गंदे पानी की निकासी करने की सख्त हिदायत दी है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि 3 दिवस में भूखण्ड की सफ ाई व गन्दे पानी की निकासी नहीं की गई तो उसके विरुद्ध सक्षम न्यायालय में अभियोजन की कार्रवाई की जाएगी और निगम द्वारा भूखण्ड की सफाई व गन्दे पानी निकासी का कार्य करवाया जाएगा। कार्य पर होने वाले व्यय की वसूली भूखण्ड मालिक से की जाएगी।
शहरवासियों से सहयोग की अपील
निगम ने 4041शहरों में कोटा को प्रथम 100 शहरों में लाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए महापौर, उप महापौर और आयुक्त की ओर से सार्वजनिक सूचना जारी कर कहा कि पिछले स्वच्छता सर्वेक्षण में 500 शहरों में से कोटा 341 पायदान पर रहा था। शहरवासियों से भी टॉप 100 शहरों में आने के लिए सहयोग की अपील की है। स्वच्छता एप डाउन लोड करें:- निगम प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि स्वच्छता सर्वेक्षण का एप अपने मोबाइल में डाउनलोड करें। उसमें ज्यादा से ज्यादा कोटा से नाम दर्ज करवाएं। अपनी समस्याएं एवं शिकायतें दर्ज करवाएं, साथ ही उनके निस्तारण के लिए भी सुझाव दें।
नालियों में झूठन डालने पर पांच हजार वसूले
नगर निगम दस्ते ने बुधवार को कुन्हाड़ी स्थित कृष्णा विहार कॉलोनी की सरस्वती रेजीडेंसी के मैस पर कार्रवाई करते हुए गन्दगी फैलाने पर 5 हजार रुपए जुर्माना कर राशि वसूली। साथ ही, भविष्य में गंदगी फैलाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। निगम उपायुक्त राजेश डागा ने बताया कि मैस के संबंध में स्थानीय निवासियों ने शिकायत की थी। मैस संचालक खाने के अपशिष्ट बस्ती की नालियों में बहा रहा था। इससे उठने वाली दुर्गन्ध से बाशिंदे परेशान थे। उपायुक्त ने बताया कि सफाई अनुभाग के दस्ते ने बुधवार को इन्द्रा गांधी नगर क्षेत्र में भी प्रतिष्ठान व घरों के बाहर कचरा-मलवा डालकर गंदगी फैलाने वाले 7 जनों पप्पू सुमन, डालूराम, अशफाक, राधा वल्लभ, राजेन्द्र, महावीर व गौतम टी स्टाल के संचालक पर 200-200 रुपए व रामनाथ पर 1100 रुपए का जुर्माना किया।
पत्रिका चला रही स्वच्छता जागरूकता अभियान
पिछले एक पखवाड़े से राजस्थान पत्रिका शहर में 'स्वच्छ कोटा-स्वस्थ कोटा' अभियान चला रही है। इसके तहत शहर के विभिन्न व्यापार संगठनों को लेकर स्वच्छता की शपथ दिलाई जा रही है। साथ ही, बाजारों व गली-मोहल्लों को स्वच्छ रखने का संकल्प दिलाया जा रहा है। पत्रिका की इस मुहिम से व्यापार महासंघ के अलावा महासंघ से जुड़े 150 व्यापारिक संगठन, सामाजिक संस्थाएं, राजनीतिक पार्टियां जुड़ चुकी हैं। महासंघ की ओर से विभिन्न बाजारों में व्यापारियों को डस्टबिन भी बांटे जा चुके हैं। मुहिम के तहत जनरल मर्चेंट एसोसिएशन की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसकी तिथि गुरुवार को तय की जाएगी।
Published on:
16 Nov 2017, 12:24 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.