
कोटा .
शहर में मंगलवार को महाशिवरात्रि मनाई जाएगी। व्रत, पूजन, उपवास किए जाएंगे। भगवान शिव को आक-धतूरे-बिल्व पत्र अर्पित किए जाएंगे। शिवालयों में भजन-कीर्तन, जागरण व भंडारों के आयोजन होंगे। कावड़ यात्रा व शिव बारात निकाली जाएगी। हर तरफ हर-हर महादेव गूंजेगा। भगवान शिव का अभिषेक कर विशेष झांकियां सजाई जाएंगी। प्रतियोगिताएं व अन्य आयोजन होंगे। गेपरनाथ, चन्द्रेसल, शिवपुरी धाम, तालाब की पाल स्थित सत्येश्वर महादेव मंदिर में मेले भरेंगे।
- कंसुआ स्थित कर्णेश्वर महादेव मंदिर से मंगलवार सुबह 10 बजे शिव बारात निकाली जाएगी। रात 8.30 बजे से श्याम परिवार की ओर से भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। बुधवार सुबह 4 बजे से जलाभिषेक व दोपहर एक बजे से विशेष शृंगार के दर्शन करवाए जाएंगे।
- रेतवाली स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर से शिव बारात व पालकी का आयोजन किया जाएगा। तड़के अभिषेक किया जाएगा। रुद्राभिषेक, नमकचमक अभिषेक चलते रहेंगे। 14 फरवरी को विशेष शृंगार के दर्शन करवाए जाएंगे।
- गढ़ पैलेस स्थित गौकर्णेश्वर महादेव मंदिर में बुधवार को महाशिवरात्रि मनाई जाएगी। इस मौके पर मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में सुबह 9 बजे से 551 लीटर दूध से अभिषेक किया जाएगा। शाम 4 बजे से शृंगार के दर्शन करवाए जाएंगे।
- घोड़े वाला चौराहा स्थित टीलेश्वर महादेव मंदिर में मंगलवार शाम 4 बजे गणेश पूजन के साथ महामंत्र का अखंड जाप शुरू हो जाएगा। बुधवार सुबह 5 बजे भगवान का अभिषेक किया जाएगा व 8.30 बजे मौजी बाबा धाम से बैण्ड बाजों के साथ कावड़ यात्रा निकाली जाएगी। इसके मंदिर पहुंचने पर भगवान का चंबल के जल से अभिषेक किया जाएगा।
- गेपरनाथ महादेव मंदिर में भी दर्शनार्थियों का मेला लगेगा। सुबह से ही लोगों की भीड़ रहेगी।
- तालाब की पाल स्थित सत्येश्वर महादेव मंदिर में 13 से 15 फरवरी तक महाशिवरात्रि महोत्सव मनाया जाएगा। मंगलवार रात 10 बजे से जागरण, रात 2 बजे से अभिषेक व पूजन, 14 को सुबह 5 बजे आरती, दोपहर 12 बजे से कीर्तन, 15 को भजन कीर्तन व दोपहर 12 बजे से भंडारा होगा।
Read More: maha shivaratri Special : यहां बिना बोले भोले भरते हैं भक्तों का भण्डार
दंगल व विवाह
छावनी रामचन्द्रपुरा स्थित मंगलेश्वर महादेव मंदिर व्यायामशाला की ओर से मंगलवार सुबह 10 बजे से व्यायामशाला में हाड़ौती केसरी दंगल होगा। कोलीपाड़ा अनंतपुरा क्षेत्र स्थित मंगलेश्वर महादेव मंदिर में 13 फरवरी को गणेश स्थापना, 14 को सुबह 9 बजे कलश यात्रा व दोपहर 2 बजे से 11 जोड़ों का नि:शुल्क विवाह किया जाएगा।
इसलिए कल महाशिवरात्रि
आचार्य धीरेन्द्र के अनुसार सोमवार रात 8.04 बजे से त्रयोदशी लग जाएगी। यह मंगलवार रात 10.34 बजे तक रहेगी। इसके मंगलवार को ही महाशिवरात्रि मनाई जानी चाहिए।
Published on:
12 Feb 2018 07:34 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
