खींवसर ने डॉ. हर्षवर्धन को बताया कि मुकुंदरा हिल्स में बाघों का पुनर्वास होने से पर्यटन को बहुत ज्यादा बढ़ावा मिलेगा। जैव विविधता के लिए मशहूर मुकंदरा टाइगर हिल्स में बाघ के अलावा अन्य वन्य जीव बड़ी संख्या में हैं। मुकुंदरा से जुड़े कोटा जिले के साथ-साथ झालावाड़, बारां, बूंदी और चित्तौड़गढ़ में धार्मिक से लेकर वाइल्ड लाइफ और वाटर स्पोर्टस टूरिज्म तक के बेहतरीन संसाधन मौजूद हैं। मुकुंदरा के आबाद होते ही पर्यटकों को कंपलीट फैमिली पैकेज मिल सकेगा। जिसमें बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए सैरसपाटे का पूरा इंतजाम होगा और देश को नया टूरिस्ट सर्किट मिलने से पर्यटकों की आवक बढ़ जाएगी।