
Arbi Sabz रेसीपी (representative image) image credit gemini
Arbi Ki Sabz Recipe: अगर आप रोज हरी या आलू पनीर जैसी सब्जियां खाकर बोर हो गए हैं और कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ आसानी से भी तैयार हो जाए, तो अरबी की सब्जी एक अच्छा विकल्प हो सकती है। अरबी को कई अलग अलग तरीकों से बनाया जा सकता है और इसका स्वाद भी हर तरीके में अलग होता है। कभी इसे मसालों के साथ सूखी और करारी भुजिया के रूप में बनाया जा सकता है तो कभी मट्ठे की स्वादिष्ट ग्रेवी के साथ। आइए जानते हैं अरबी की भुजिया और मट्ठे वाली सब्जी बनाने के आसान टिप्स, जिससे आप अरबी की स्वादिष्ट सब्जी बना सकते हैं।
अरबी की मट्ठे वाली सब्जी बनाने के लिए सबसे पहले जीरा, सौंफ, राई, धनिया, मेथी दाना, लौंग और बड़ी इलायची को भूनकर बारीक पीस लें और इसमें हींग, हल्दी, कश्मीरी या देगी मिर्च और अमचूर मिला दें। इसके बाद उबली हुई अरबी को लंबे टुकड़ों में काटें और सरसों के तेल में अच्छी तरह फ्राई कर लें। आप चाहें तो इसके साथ उबले हुए आलू भी साथ में फ्राई कर सकते हैं। अब ग्रेवी के लिए दही में पानी मिलाकर पतला मट्ठा तैयार करें और इसमें हरी मिर्च, थोड़ा अदरक, काली मिर्च, भुना जीरा और नमक मिलाएं।
कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करके सूखी लाल मिर्च, जीरा और सौंफ का तड़का लगाएं और इसमें मट्ठा डालकर लगातार चलाते रहें, जब तक इसमें अच्छी तरह उबाल न आ जाए। इसके बाद फ्राई की हुई अरबी और आलू डालें और करीब 10 से 12 मिनट तक पकाएं, ताकि मसाला अच्छी तरह पक जाए और सब्जी का स्वाद बढ़ जाए। आखिर में हरी मिर्च, धनिया या पुदीना डाल कर सर्व करें।
अरबी की सब्जी छीलने से पहले हाथ पर थोड़ा तेल लगा लें, क्योंकि कच्ची अरबी छीलने से हाथों में खुजली हो सकती है। जिस हाथ में चाकू हो उस हाथ पर तेल न लगाएं, क्योंकि चाकू फिसलने से हाथ कट सकता है। अरबी को पीलर की जगह चाकू से छीलना बेहतर है, इससे वेस्टेज भी कम होता है। अरबी में कहीं हरा हिस्सा दिखाई दे तो उसे निकाल दें।
छिली हुई अरबी को ठंडे पानी से अच्छी तरह धोकर पूरी तरह सुखाएं और फिर लंबे लंबे टुकड़ों में काटें। इससे ज्यादा हिस्सा पैन के संपर्क में आएगा और सूखी सब्जी खड़ी खड़ी और खिली खिली बनेगी। सब्जी बनाने के लिए कड़ाही में घी गर्म करके हींग और अजवाइन का तड़का लगाएं, फिर अरबी डालकर तेज आंच पर बिना ढके पकाएं। अरबी पर हल्का भूरा रंग आने तक भूनें। इसके बाद नमक, हल्दी और कुटी हुई लाल मिर्च डालकर मिलाएं। जब अरबी करीब 80 से 90 प्रतिशत पक जाए तो इसमें लंबे कटे प्याज, हरी मिर्च और चाट मसाला डालकर फिर पकाएं। हरी मिर्च को काटने की जगह बीच से स्लिट करके डालें। आखिर में ताजा हरा धनिया डालकर सर्व करें।
Updated on:
09 Sept 2026 04:32 pm
Published on:
09 Sept 2026 04:23 pm
