
Diwali के लिए Rangoli Designs (Representative Image) Image Credit gemini
Easy Rangoli Designs For Diwali: दिवाली पर घर की सफाई और सजावट के साथ तरह-तरह के पकवान बनाने के अलावा लोग रंगोली बनाना भी पसंद करते हैं। फेस्टिव सीजन में घर के दरवाजे या आंगन में बनी रंग-बिरंगी रंगोली पूरे घर की खूबसूरती बढ़ा देती है। ऐसे में अगर आप भी इस साल रंगोली बनाने का सोच रहे हैं, लेकिन आपको रंगोली बनाना नहीं आता है, तो यहां दिए गए रंगोली डिजाइन आइडियाज और टिप्स फॉलो करके आसानी से मंदिर या मेन गेट पर रंगोली बना सकते हैं।
अगर आपको रंगोली बनाना नहीं आता है या आपने पहले कभी रंगोली नहीं बनाई है और इस साल इसे बनाने का प्लान बना रहे हैं, तो पहली बार में ही बड़ी या मुश्किल डिजाइन बनाने के बजाय छोटे फूल, गोल आकार, पत्तियां या दीये वाली सिंपल रंगोली की डिजाइन चुन सकते हैं। इसके बाद रंगोली बनाने के लिए सबसे पहले उस जगह के फर्श को साफ करें, जहां आपको रंगोली बनानी है। शुरुआत में चॉक या पेंसिल से हल्की आउटलाइन बना लेना भी अच्छा रहता है। इससे रंगोली का आकार बिगड़ने का डर कम रहता है और रंग भरना भी आसान हो जाता है। इसके बाद इसमें रंग या फूलों की रंग-बिरंगी पंखुड़ियां भर दें। इसे थोड़ा और सुंदर बनाने के लिए आसपास दीये भी रख सकते हैं।
अगर आपको अच्छी रंगोली बनाना नहीं आता है, लेकिन सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के लिए खुद से एक खूबसूरत रंगोली बनाने का सोच रहे हैं, तो डॉट रंगोली का विकल्प चुन सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले चॉक की मदद से फर्श पर बराबर दूरी पर छोटे-छोटे डॉट्स बनाएं। इसके बाद इन डॉट्स को सीधी या घुमावदार लाइनों से जोड़कर फूल, पत्ती, दीया या ज्योमेट्रिक डिजाइन बनाएं। फिर इसमें अपनी पसंद के रंग भरें। इस तरह कम समय में आंगन या घर के दरवाजे के पास अच्छी रंगोली तैयार हो सकती है।
अगर आपको रंगों से रंगोली बनाना मुश्किल लगता है या आप इको फ्रेंडली रंगोली बनाने का सोच रहे हैं, तो फूलों और उनकी पंखुड़ियों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए गेंदे और गुलाब जैसे फूलों की पंखुड़ियां लें। सबसे पहले फर्श पर गोल या फूल के आकार की आउटलाइन बनाएं। इसके बाद अलग-अलग रंगों की पंखुड़ियों को एक के बाद एक सजाते जाएं। गेंदे की पीली और नारंगी पंखुड़ियों के साथ गुलाब की लाल या गुलाबी पंखुड़ियां अच्छी लगती हैं। बीच में छोटा दीया रखकर भी रंगोली को सुंदर बनाया जा सकता है।
दिवाली पर दीये के साथ ही लक्ष्मी जी के पैरों वाली रंगोली बनाना भी शुभ माना जाता है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले रंगोली के बीच में एक बड़ा दीया बनाएं। इसके चारों तरफ माता लक्ष्मी के पैरों की डिजाइन, छोटी पंखुड़ियां, गोल आकार या फूल बनाकर उनमें रंग भर सकते हैं। रंगोली के किनारों पर छोटे दीये बनाकर या असली दीये सजाकर इसे और सुंदर बनाया जा सकता है। ऐसी रंगोली को घर के प्रवेश द्वार या मंदिर के पास बनाना ज्यादा पसंद किया जाता है।
रंगोली बनाने से पहले जरूरी सामान इकट्ठा कर लें, ताकि बीच में रंगोली बनाना रोककर आपको दुकान पर न जाना पड़े। इसके लिए अपनी रंगोली की डिजाइन के हिसाब से रंगोली के रंग, चॉक, फूलों की पंखुड़ियां, छोटी कटोरी और दीये जैसी चीजें पास में रखकर ही बनाने बैठें। इसके अलावा अगर आप पहली बार रंगोली बना रहे हैं, तो रंग भरने के लिए छोटी कटोरी या पेपर कोन का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे रंगों को सही जगह पर डालना आसान होता है।
त्योहार पर लाल, पीला, हरा, गुलाबी, नारंगी और सफेद जैसे रंगों का कॉम्बिनेशन अच्छा लग सकता है। आप अपनी पसंद के हिसाब से इन रंगों को चुन सकते हैं। फूलों वाली रंगोली के लिए ताजे फूल और पंखुड़ियां इस्तेमाल करें। वहीं, रंगोली को अच्छी फिनिशिंग देने के लिए पहले फर्श पर आउटलाइन बनाएं और फिर रंगोली बनाना शुरू करें।
Published on:
4 Nov 2026, 11:00 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.