
UP news : मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के बीस जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान तापमान में भारी गिरावट आएगी। डॉक्टरों ने मौसमी बीमारियों से बचने के लिए एहतियात बरतने की सलाह दी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत रविवार को प्रदेश के कुछ जिलों में सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। कानपुर, लखनऊ, उन्नाव, अयोध्या, कन्नौज, बाराबंकी और हरदोई में बादल छाने से पारे में गिरावट दर्ज की गई।
इन जिलों के लिए जारी की गई आंधी-बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुरखीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, सहारनपुर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बंदायूं, सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर और आसपास बारिश, तेज हवा, बिजली की चेतावनी जारी की है।
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, इसलिए बारिश की बढ़ी संभावना
इलाहाबाद विश्वविद्यालय भूगोल विभाग के प्रो. एआर सिद्दीकी ने बताया कि अभी उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ चक्रवाती परिसंचरण के रूप में मौजूद है। इससे वर्षा की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 25 अप्रैल तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ एक या दो बार वर्षा या गरज के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है। इसकी वजह से अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट और आ सकती है।
इसके अलावा सीएसए यूनिवर्सिटी यानी चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि आईएमडी ने 22 से 24 तक यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवाएं चलेंगी और गरज चमक के साथ हल्की बारिश भी संभव है।
फिलहाल मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। उन्होंने बताया शनिवार रात का तापमान 24.8 से गिरकर 19.6 डिग्री सेल्सियस रहा। यानी एक ही झटके में 05.2 डिग्री पारा गिर गया। जबकि दिन के तापमान में 02.6 डिग्री सेल्सियस वृद्धि हो गई। दिन का तापमान 40 डिग्री होने के बाद पहले 33.8 और फिर 36.4 डिग्री सेल्सियस हो गया।
वरिष्ठ फिजिशियन डा. एएम अग्रवाल बताते हैं कि मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। ऐसे में संचारी रोगों यानी संक्रमण से होने वाली बीमारियों के फैलने की प्रबल संभावना है। लू से बचने के लिए के लोगों को अपने साथ पानी अवश्य रखना चाहिए। यदि हीट स्ट्रोक की आशंका हो तो तत्काल प्रभाव से डाक्टर को दिखाना चाहिए। बच्चों और बुजुर्गों को लेकर खास एहतियात बरतें।
Updated on:
23 Apr 2023, 3:36 PM IST
Published on:
23 Apr 2023, 3:36 PM IST
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.