आम आदमी पार्टी अब यूपी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तर्ज पर शाखाएं लगाएगी। आप ने इन शाखाओं का नाम 'तिरंगा शाखाएं' दिया है। पार्टी छह माह में 10 हजार तिरंगा शाखा बनाएगी। एक जुलाई से इस योजना की शुरुआत होगी। आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद और यूपी प्रभारी संजय सिंह ने भाजपा पर तीखा वार करते हुए कहाकि, वो नफरत की राजनीति करती है, और हम इसके खिलाफ प्रदेश में 'तिरंगा शाखाएं' शुरू करने जा रहे हैं। यूपी प्रभारी संजय सिंह ने शनिवार को कहाकि, भाजपा नफरत की राजनीति को प्रायोजित कर रही है, जिससे देश का संविधान कमजोर हो रहा है। अगर ऐसी ही स्थिति बनी रही तो भारत अपनी पहचान खो देगा, इसे हर कीमत पर बचाना होगा।