
आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी में ED की रेड (फोटो ANI)
Jauhar University ED Raid SP Reaction: समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी पर ईडी ने बुधवार को रेड मारी है। आजम खान के दिल्ली-रामपुर समेत 10 ठिकानों पर ED की छापेमारी जारी है। जौहर यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट पर भारी पुलिस फोर्स तैनात है। गेट पर सिविल पुलिस समेत भारी PAC बल मौजूद है। यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट से अंदर-बाहर आने-जाने पर रोक लगा दी गई है।
जौहर यूनिवर्सिटी में ED की रेड के दौरान हंगामा हो गया। आजम खान के करीबी सतनाम मट्टू इसका विरोध कर रहे हैं। पुलिस ने सतनाम मट्टू को बाहर निकाल दिया है। जौहर यूनिवर्सिटी पर ईडी की कार्रवाई को लेकर अब राजनीति तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, नेता प्रतिपक्ष और पार्टी के सांसद सरकार के खिलाफ तीखा हमला बोल रहे हैं।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे ने सपा नेता आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी पर ED की रेड पर टिप्पणी करते हुए कहा कि पहले केस किया गया, उस केस में जो कुछ भी हो रहा है, आप खुद देख रहे हैं। अब उन्हें परेशान करने के लिए ED और बाकी केंद्रीय एजेंसियों को लगाया जा रहा है। राजनीतिक दुश्मनी की वजह से उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। यह सरकार जानबूझकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं को परेशान कर रही है, क्योंकि उन्हें एहसास हो गया है कि वे अगला चुनाव जीतकर सत्ता में नहीं आ सकते।
मऊ में मीडिया से बात करते हुए सपा सांसद राजीव राय ने पार्टी नेता आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी पर ईडी की छापेमारी पर कहा कि जैसे-जैसे चुनाव आएगा, सरकार का दमन और अत्याचार बढ़ता जाएगा। जनता इसका जवाब देने के लिए तैयार है। जैसे-जैसे चुनाव करीब आएगा, सरकार का दमन, आतंक और अत्याचार बढ़ता जाएगा। सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार अगर कहीं है, तो वह भाजपा नेताओं, अधिकारियों और मंत्रियों के पास है, लेकिन वहां कोई छापा ही नहीं पड़ता।
लखनऊ में समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अब्बास हैदर ने आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी पर ईडी की छापेमारी पर कहा कि जिस प्रकार से भारतीय जनता पार्टी लगातार प्रदेश और देश की शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ खड़ी रही है, वह चिंताजनक है। शिक्षण संस्थानों, विशेष रूप से मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी को सिर्फ इसलिए निशाना बनाया गया, क्योंकि इसे आजम खान ने स्थापित किया था।
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता उदयवीर सिंह ने लखनऊ में सपा नेता आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी पर ED की रेड पर कहा कि न ED नई है और न ही CBI नई है। आजम खान के खिलाफ लगातार राजनीतिक दुश्मनी के कारण उत्तर प्रदेश और दिल्ली, दोनों सरकारें उनके पीछे पड़ी हैं। उन्हें हर तरह से परेशान किया जा रहा है और उनके समर्थकों को भी प्रताड़ित किया जा रहा है। अब हद तो तब हो गई जब वे एक ऐसी यूनिवर्सिटी को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं जो एक सार्वजनिक संपत्ति है, जहां गरीब बच्चे पढ़ते हैं और जो बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ बनी है।
Updated on:
19 Aug 2026 03:29 pm
Published on:
19 Aug 2026 03:29 pm
