
डिप्टी CM ब्रजेश पाठक। फोटो सोर्स-ANI
UP Assembly Election 2027:लखनऊ में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने साल 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम तुष्टीकरण और जाति के नाम पर वोट मांगने वाले उत्तर प्रदेश में सफल नहीं होंगे। ब्रजेश पाठक ने दावा किया कि अगले विधानसभा चुनाव में अयोध्या धाम समेत पूरे प्रदेश में भाजपा भारी बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने राम मंदिर में दर्शन को लेकर अखिलेश यादव पर सवाल उठाए और सपा पर वोट की राजनीति करने का आरोप लगाया। साथ ही, उन्होंने चुनाव आयोग को लेकर विपक्ष के सवालों पर भी जवाब दिया।
ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे और राम मंदिर में दर्शन नहीं करने को लेकर समाजवादी पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को सनातन संस्कृति से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि सपा तुष्टीकरण और वोट की राजनीति करती है, इसलिए राम मंदिर जाने से बचती है।
डिप्टी सीएम ने आरोप लगाया कि सपा के नेता राम मंदिर के मुद्दे पर अल्पसंख्यक मतदाताओं को नाराज नहीं करना चाहते। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेताओं के हाथ कारसेवकों के खून से रंगे हुए हैं। ऐसे में उन्होंने सवाल उठाया कि सपा के नेता राम मंदिर कैसे जा सकते हैं।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को पता है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में विपक्ष की लुटिया पूरी तरह डूबने वाली है। इसी वजह से विपक्ष फेस सेविंग के लिए इस तरह के षड्यंत्र रच रहा है। ब्रजेश पाठक ने कहा कि विपक्ष अपनी आने वाली स्थिति को लेकर परेशान है। इसी कारण चुनावी प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि अगले विधानसभा चुनाव में भाजपा पूरे प्रदेश में भारी बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने अयोध्या में भी भाजपा की जीत का भरोसा जताया।
चुनाव आयोग और एसआईटी को लेकर विपक्ष के विरोध पर भी उपमुख्यमंत्री ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि विपक्ष जब चुनाव जीतता है तो निर्वाचन आयोग अच्छा होता है, लेकिन जब हारता है तो अपनी खीज निर्वाचन आयोग पर निकालता है। ब्रजेश पाठक ने केरल, तमिलनाडु और हिमाचल प्रदेश का जिक्र करते हुए कहा कि इन राज्यों में विपक्ष चुनाव जीता, लेकिन जीत के बाद उसने निर्वाचन आयोग को लेकर कोई सवाल नहीं उठाया।
Updated on:
09 Oct 2026 12:56 pm
Published on:
09 Oct 2026 11:02 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
