
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
यूपी में एक सप्ताह में ट्रैक्टर-ट्रॉली के इस्तेमाल से हुई दुर्घटना में करीब 35 लोग अपनी जान गंवा बैठे हैं। कानपुर में साढ़-भीतरगांव मार्ग पर ट्र्रैक्टर-ट्रॉली के तालाब में गिरने से 26 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे से दुखी सीएम योगी आदित्यनाथ ने सूबे की जनता से गंभीर अपील करते हुए कहाकि, ट्रैक्टर का इस्तेमाल सवारियों की ढुलाई के लिए नहीं किया जाए। सिर्फ खेती-किसानी और माल ढुलाई के लिए ही ट्र्रैक्टर-ट्रॉली का प्रयोग किया जाना चाहिए। गांवों में अधिकतर ग्रामीण कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए ट्रैक्टर ट्रॉली का इस्तेमाल करते हैं।
सीएम योगी की अपील
कानपुर हादसे पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताते हुए यह अपील कीकि, प्रिय प्रदेशवासियों, मेरी अपील है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली का उपयोग सिर्फ कृषि कार्यों और माल ढुलाई के लिए ही करें। इससे सवारियों की ढुलाई कदापि न करें। जीवन अमूल्य है, कृपया लापरवाही न बरतें।
जनहानि अत्यंत दुखद - सीएम योगी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर कहाकि, जनपद कानपुर में हुई सड़क दुर्घटना अत्यंत हृदय विदारक है। जिलाधिकारी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर युद्ध स्तर पर राहत व बचाव कार्य संचालित करने तथा घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना है। इस दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा मृतकों के परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
एक सप्ताह में दो घटनाएं
26 सितम्बर को लखनऊ के इटौंजा में मुंडन कराने जा रही ट्रैक्टर ट्राली को ट्रक ने टक्कर मारी। जिससे ट्रैक्टर ट्राली तालाब में गिर गई। और करीब 9 की मौत हो गई। दूसरी घटना शनिवार शाम की है। जिसमें कानपुर में साढ़-भीतरगांव मार्ग मुंडन में शामिल होने के लिए करीब 50 ग्रामीण ट्रैक्टर ट्रॉली से फतेहपुर गए थे। शाम गांव लौटते वक्त साढ़-भीतरगांव मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित हुई और सड़क किनारे खंती में जाकर गिर गई। जिसमें 26 लोगों की मृत्यु हो गई।
Published on:
2 Oct 2022, 1:59 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.