
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, फोटो सोर्स- X डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य
Uttar Pradesh Politics News:उत्तर प्रदेश के लखनऊ में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। केशव मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव की स्थिति बेहद मुश्किल हो गई है और राज्यसभा चुनाव में तीन सांसदों को जिताने का उनका सपना टूट गया है। उन्होंने भाजपा के आठों उम्मीदवारों की जीत का दावा करते हुए कहा कि विधान परिषद चुनाव में भी भाजपा 11 में से ज्यादातर सीटें जीतेगी, जबकि समाजवादी पार्टी को हार का सामना करना पड़ेगा।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सत्ता से बाहर होने के कारण कांग्रेस हताश हो गई है। कांग्रेस लगातार राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को आगे लाने और देश की जनता के बीच उन्हें स्वीकार कराने की कोशिश कर रही है, लेकिन जनता उन्हें पूरी तरह नकार रही है। केशव मौर्य ने कहा कि अगर कांग्रेस को किसी तरह की परेशानी है तो उसे चुनाव आयोग के सामने अपनी बात रखनी चाहिए।
अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर केशव प्रसाद मौर्य ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद खबर है। नाना पाटेकर सिनेमा की दुनिया का एक बड़ा नाम थे। मराठी और हिंदी, दोनों भाषाओं के लोग उन्हें देखते और पसंद करते थे। केशव मौर्य ने कहा कि वह नाना पाटेकर के निधन पर शोक व्यक्त करते हैं और ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि उन्हें अपने चरणों में स्थान दें।
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी लगातार भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की बात करती है, लेकिन न तो भारत विकसित हुआ और न ही काशी क्योटो बन सकी। आशुतोष वर्मा ने आरोप लगाया कि बीजेपी लोगों को सपने दिखा रही है, जबकि जमीन पर बेरोजगारी की समस्या है और परिवारों का बजट प्रभावित हुआ है।
वहीं, मंत्री दया शंकर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी इस समय देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेताओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने साल 2047 तक भारत को आर्थिक शक्ति और विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। साथ ही भारत को दुनिया में प्रमुख स्थान दिलाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
Updated on:
08 Oct 2026 11:49 am
Published on:
08 Oct 2026 11:22 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
