
शराब और भांग की दुकानों के लिए ई-लॉटरी प्रक्रिया पूरी, आवंटन में पारदर्शिता सुनिश्चित
Liquor Shops License UP: लखनऊ में शराब और भांग की फुटकर दुकानों के आवंटन के लिए बृहस्पतिवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के सभागार में ई-लॉटरी का आयोजन किया गया। इस प्रक्रिया में कुल 1041 दुकानों का पारदर्शी तरीके से ऑनलाइन आवंटन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी विशाख जी, प्रमुख सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स अनुराग यादव, एडीएम फाइनेंस, एसीएम षष्ठम, डीसीपी क्राइम कमलेश दीक्षित समेत कई उच्चाधिकारी मौजूद रहे।
लाटरी के दौरान आवेदकों की भारी भीड़ इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर-डे हॉल में उपस्थित रही। इस पूरी प्रक्रिया को लाइव स्ट्रीमिंग और वीडियो रिकॉर्डिंग के माध्यम से पारदर्शी बनाया गया, ताकि किसी भी आवेदक को किसी प्रकार की शिकायत का मौका न मिले।
जिलाधिकारी विशाख जी ने कहा कि इस बार ई-लॉटरी आईआईटी कानपुर और आईईटी द्वारा विकसित विशेष सॉफ़्टवेयर के माध्यम से कराई गई, जो पूरी तरह से टेस्टेड और प्रमाणित है। पूरी प्रक्रिया वीडियोग्राफी और लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से हुई, जिससे पारदर्शिता बनी रहे। अधिकारियों ने बताया कि लॉटरी पूरी तरह से निष्पक्ष रही और कहीं कोई तकनीकी समस्या नहीं आई। सभी आवेदकों को QR कोड जारी किया गया, जिसे स्कैन करके वे अपनी लॉटरी स्थिति देख सकते हैं। साथ ही, रिजल्ट को पब्लिक डोमेन में भी उपलब्ध कराया गया है।
इस बार के ई-लॉटरी प्रक्रिया में तालकटोरा मॉडल शॉप, 32 देशी शराब की दुकानें और कैसरबाग भांग का ठेका आवंटित नहीं हो सके, क्योंकि इनके लिए कोई आवेदन नहीं आया। अब प्रशासन ने दूसरे चरण में फिर से ई-लॉटरी कराने की योजना बनाई है, जिसमें इन दुकानों के लिए नए आवेदन मांगे जाएंगे।
प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए पुलिस बल और पीएसी की तैनाती की थी। साथ ही, ई-लॉटरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए आईटी विशेषज्ञों और आबकारी विभाग के अधिकारियों की विशेष टीम तैनात रही।
ई-लॉटरी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सुबह से ही एक ट्रक पीएसी, पुलिस बल और विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी आयोजन स्थल पर तैनात थे।
Updated on:
07 Mar 2025 08:15 am
Published on:
07 Mar 2025 08:15 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
