लखनऊ. उत्तर प्रदेश में खिलाड़ियों और एथलीटों के लिए बुनियादी इंफ्रास्ट्रक्चर को और मजबूती प्रदान करते हुए राजधानी लखनऊ में स्पोर्ट्स सिटी सेंटर (Lucknow Sports City Centre) धीरे-धीरे अपने पैमाने और संचालन का विस्तार कर रहा है। इस कडी़ में अब शहर के इकाना परिसर में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल स्टेडियम (International Football Stadium) बनकर तैयार होने जा रहा है। इस साल दिसंबर तक इसका परिचालन शुरू हो जाएगा। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यह स्टेडियम, अटल क्रिकेट स्टेडियम (Atal Cricket Stadium) के ठीक बगल में बन रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह देश के टॉप पांच खूबसूरत फुटबॉल स्टेडियम में से एक होगा। स्टेडियम के लिए घास विदेश से मंगवाई जा रही है। इसके अलावा स्टेडियम में 5,000 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। साथ ही स्टेडियम परिसर में एक मीडिया सेंटर, जिम, ड्रेसिंग रूम, चेंजिंग रूम, डाइनिंग हॉल व कुछ अन्य सुविधाएं भी होंगी। स्टेडियम के बगल में खिलाड़ियों के रहने के लिए हॉस्टल की सुविधा भी होगी, जो सभी जरूरी सुविधाओं से लैस होगा।