
FIFA World Cup: ब्राजील और जर्मनी हैं लखनवाइट्स की पसंदीदा टीमें
लखनऊ. फीफा वर्ल्डकप की शुरुआत हो गई है। राजधानी में इसको लेकर काफी क्रेज दिख रहा है। एक तरफ समर वैकेशंस तो दूसरी तरफ फीफा वर्ल्ड कप। इससे छात्र बेहद खुश हैं। अपनी पसंद-नपंसद पर बात करते हुए ज्यादातर छात्रों ने जर्मनी और ब्राजील को अपना फेवरिट बताया। वहीं राजधानी में चल रहे एक फुटबॉल टूर्नामेंट में पार्टिसिपेट करने आए ज्यादातर खिलाड़ियों का भी यही कहना है कि इस बार जर्मनी व ब्राजील में कड़ा मुकाबला हो सकता है।
खिलाड़ियों की पसंद जर्मनी
राजधानी आए विभिन्न क्लबों के कई खिलाड़ियों ने बताया कि इस बार गत विजेता जर्मनी का दावा सबसे मजबूत है। टीम के पास दमदार स्ट्राइकर हैं, साथ ही जर्मनी का डिफेंस बेहद मजबूत है। टाइटन क्लब के खिलड़ी वरुण ने बताया कि जर्मनी की सबसे बड़ी मजबूती उसका 4-2-3-1 का फॉर्मेशन है। इसी फॉर्मेशन से ही वह पिछली बार चैंपियन बनी थी और इस बार भी उसका यह मजबूत हथियार होगा। 7 खिलाड़ियों ने पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील को विश्वकप जीतने का असली हकदार बताया है। पांच ने स्पेन को और तीन ने पुर्तगाल को विश्व कप का अगला विजेता बताया है।
अंडर-17 फुटबॉल कप ने बढ़ाया क्रेज
बता दें कि पिछले साल भारत को दुनिया के सबसे लोकप्रिय खेल फुटबॉल के अंडर-17 फुटबॉल कप की मेजबानी मिली। मैच भले ही मुंबई, कोलकाता, गोवा, दिल्ली और कोच्चि में हुए, लेकिन इसका असर राजधानी में पड़ा है। शहर पर भी फीफा का फीवर देखा जा सकता है। जर्मनी पहली तो वहीं ब्राजील लखनऊवाइट्स की दूसरी पसंद है।
राजधानी में भी बढ़ी खिलाड़ियों की संख्या
एक अनुमान के मुताबिक राजधानी में इस समय सभी आयुवर्ग को मिलाकर तीन से चार हजार के बीच फुटबॉलर हैं जो अपना दमखम दिखा रहे हैं। पिछले एक साल में राजधानी में फुटबॉल खेलने वाले खिलाड़ियों की संख्या में भी जबरदस्त इजाफा हुआ है। फुटबॉल टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा आयोजन ला-मार्टिनियर कॉलेज के पोलो ग्राउंड पर होते हैं। अमूमन साल में सात से नौ टूर्नामेंट का आयोजन इस ग्राउंड पर होता है जो कि सबसे ज्यादा है। शहर के सबसे पुराने स्टेडियम में से एक चौक स्टेडियम में भी जिला फुटबॉल लीग समेत अन्य टूर्नामेंट का आयोजन होता रहता है। इन दोनों के अलावा केडी सिंह बाबू स्टेडियम, दिलकुशा ग्राउंड पर फुटबॉल टूर्नामेंट होते रहते हैं।
Published on:
15 Jun 2018, 7:06 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.