लखनऊ. गुरुवार 6 सितंबर को केंद्र सरकार द्वारा SC/ST एक्ट में संशोधन के विरोध में सवर्णों द्वारा बुलाए गए भारत बंद आंदोलन पर आज शुक्रवार को बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती ने चुप्पी तोड़ी और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। एक प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने SC/ST एक्ट को लेकर बीजेपी के दोहरे चरित्र के सामने आने की बात कही। साथ ही इसे भाजपा का 'पॉलिटिकल स्टंट' करार दिया। उन्होंने कहा कि अपना जनाधार खिसकता देख भाजपा पर्दे के पीछे से यह गलत खेल खेल रही है। वहीं उन्होंने सवर्णों के आरक्षण पर भी अपनी बात कही और लोगों को भाजपा से सतर्क रहने की सलाह दी।