लखनऊ. समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की समधन व छोटी बहू अपर्णा यादव की मां अम्बी बिष्ट ने अपने पति सूचना आयुक्त अरविंद सिंह बिष्ट की ही अदालत में एलडीए के तहसीलदार के खिलाफ गुहार लगाई है। अम्बी बिष्ट का आरोप है कि एलडीए के तहसीलदार ने उनको आरटीआइ के तहत जानकारी देने के वक्त जानबूझकर उनके पति का नाम गलत लिखा है। बात गंभीर इसलिए भी है क्योंकि अम्बी बिष्ट ने आरटीआई आवेदन करते समय अपने नाम के आगे पति का नाम लिखा तक नहीं था। वहीं आरोप है कि तहसीलदार ने उनके पति का नाम अरविंद सिंह बिष्ट की जगह अरविंद कुमार बिष्ट लिखा है। इस पर कार्रवाई करते हुए सूचना आयुक्त अरविंद सिंह बिष्ट ने कमिश्नर लखनऊ को आदेश दिया है कि तहसीलदार रामशंकर पर तत्काल कार्रवाई कर उन्हें सूचित करें।