
मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर हमला बोला (फाइल फोटो- पत्रिका)
OP Rajbhar On Rahul and Akhilesh Yadav: चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया को लेकर इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट सामने आने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इसी बीच यूपी के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने चुनाव आयोग के विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने अपने बयान में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधीऔर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी सवाल उठाए।
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि चुनाव आयोग एक स्वतंत्र एजेंसी है। उनके मुताबिक, आयोग ने मतदाता सूची से मृत मतदाताओं के नाम हटाए हैं और डुप्लीकेट एंट्री को भी एक साथ किया है। राजभर ने कहा कि विपक्ष इसी वजह से नाराज है।
कैबिनेट मंत्री ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें चुनाव आयोग पर सवाल उठाने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं को पहले इस्तीफा देना चाहिए, क्योंकि उन्होंने भी उसी चुनाव आयोग की निगरानी में चुनाव जीता है, जिस पर अब सवाल उठाए जा रहे हैं।
बता दें कि कांग्रेस सांसद मल्लू रवि ने संकेत दिए है कि यदि ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं होता है और सरकार उन्हें पद से नहीं हटाती है, तो विपक्ष अविश्वास प्रस्ताव ला सकता है।
कांग्रेस सांसद मल्लू रवि ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लंबे समय से संसद में यह मुद्दा उठाते रहे हैं। हम भी लगातार संसद में इस आवाज को उठाते रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री या गृह मंत्री की ओर से कोई जवाब नहीं आया।
उन्होंने कहा कि अब यह मामला भारत के हर नागरिक के संज्ञान में आ गया है। एक बार फिर राहुल गांधी मांग कर रहे हैं कि मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) को इस्तीफा देना चाहिए और सरकार को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि अगर मुख्य चुनाव आयुक्त इस्तीफा नहीं देते हैं, तो सरकार को उन्हें पद से हटाना होगा। अन्यथा, राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी दल अविश्वास प्रस्ताव ला सकते हैं।
वहीं सुप्रीम कोर्ट में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ न्यायिक जांच या SIT गठित करने की मांग वाली याचिका पर बिहार बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष जिस तरह SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर भ्रम फैलाने और लोगों के मन में अविश्वास पैदा करने की कोशिश कर रहा है, वह पूरी तरह अनुचित है।
संबंधित विषय:
Updated on:
26 Sept 2026 11:51 am
Published on:
26 Sept 2026 11:33 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
