
यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ANI Photo
UP Assembly Election 2027: लखनऊ में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हिस्सा लिया। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। बैठक में पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा की। इस दौरान यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को जनता के बीच सक्रिय रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी की असली ताकत सत्ता नहीं, बल्कि उसके कार्यकर्ता हैं। पंकज चौधरी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विदेशी फंडिंग के जरिए देश में भ्रम और अशांति फैलाने की कोशिश हो रही है।
बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के सभागार में हुई बैठक में पंकज चौधरी ने कहा कि यह केवल औपचारिक बैठक नहीं है। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता संगठन की ताकत को समझने और प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ यहां जुटे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का मकसद केवल सत्ता हासिल करना नहीं है। पार्टी राष्ट्र निर्माण और समाज के आखिरी व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए काम करती है। भाजपा सिर्फ चुनाव लड़ने वाली पार्टी नहीं, बल्कि एक विचार है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से कहा कि उन्हें जनता के बीच जाकर लोगों की समस्याएं सुननी चाहिए और उनका समाधान कराने की कोशिश करनी चाहिए। जनप्रतिनिधियों को भी संगठन के साथ लगातार संपर्क बनाए रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता से संवाद कर समस्या का समाधान करें। जनप्रतिनिधि भी नियमित संगठन से संवाद करें। व्यक्तिगत आकांक्षा से ऊपर उठकर संगठन को सबसे आगे रखना है। हमारा गौरवशाली इतिहास है, मजबूत वर्तमान है, जन विष्णु केवल नारों से नहीं, बल्कि जनता के बीच रहने से मिलता है।
पंकज चौधरी ने कहा कि सरकार ने विकास को कुछ जिलों तक सीमित नहीं रखा है, बल्कि इसे पूरे प्रदेश तक पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं के सम्मान को पार्टी की प्राथमिकता बताया। साथ ही सवाल किया कि क्या पार्टी के कार्यकर्ता नियमित रूप से जनता के बीच पहुंच रहे हैं।
बैठक में पंकज चौधरी ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 278 सीटें मिली थीं, जबकि विपक्ष 128 सीटों पर जीत दर्ज कर पाया था। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे मतदाताओं के बीच रहें और उन्हें किसी तरह के भ्रम में आने से रोकें। पंकज चौधरी ने आरोप लगाया कि विदेशी फंडिंग के जरिए लोगों के बीच भ्रम फैलाने और अशांति पैदा करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सरकार के कामकाज को लेकर पार्टी की परीक्षा होगी। ऐसे में सभी कार्यकर्ताओं को संगठन की एकजुटता के साथ जनता के बीच जाना होगा।
पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा की असली पूंजी सत्ता नहीं, बल्कि पार्टी का कार्यकर्ता है। उसका सम्मान करना संगठन की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने नेताओं से कहा कि व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर संगठन को मजबूत करने पर ध्यान देना होगा। उनका कहना था कि जनता का भरोसा केवल नारों से नहीं, बल्कि लगातार उनके बीच रहकर और उनकी समस्याओं पर काम करके हासिल किया जा सकता है।
Updated on:
30 Oct 2026, 12:48 PM IST
Published on:
30 Oct 2026, 12:30 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.