लखनऊ. यूपी में कोरोनावायरस (Coronavirus in UP) का संक्रमण जारी है। गुरुवार को 4,991 लोगों में कोरोना (Covid 19) की पुष्टी हुई है, जिसके साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या 1,73,180 पहुंच गई है। इनमें 1,21,090 रोगी स्वस्थ हो चुके हैं, तो वहीं 48511 का इलाज जारी है। राज्य में अब तक 2,733 मरीजों की कोरोना से जान जा चुकी है, इनमें सर्वाधिक 95 लोगों का गुरुवार को निधन हुआ है। इससे पहले 18 अगस्त को 77 लोगों की मौत हुई थी। सबसे ज्यादा चिंताजनक स्थिति राजधानी लखनऊ की है, जहां सर्वाधिक 7,674 एक्टिव केस हैं। कोरोना के लिए अभी तक कोई कारगर वैक्सीन नहीं आ पाई है, लेकिन लखनऊ सीएमओ ने एक खास दवा के सेवन का सुझाव दिया है। यह दवा है आइवरमेकटिन, जो कोरोना के लक्षण होने पर होम आइसोलेशन में 3 दिन तक खाने की सलाह दी गई है।