
उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने सड़कों को जाम से मुक्त बनाने के लिए महत्वपूर्ण योजना तैयार की है। जिसके तहत जल्द ही प्रदेश की सड़कों के समस्त राज्य मार्गों को न्यूनतम दो लेन चौड़ा किया जाएगा। वहीं दो लेन चौड़ा होने से बचे रह गए राज्य राजमार्गों की 13 परियोजनाओं की कार्ययोजना को स्वीकृति दे दी गई है। जल्द ही इस पर काम शुरू हो जाएगा। वहीं इसके लिए सीएम योगी आदित्यनाथ ने अनुमोदन दे दिया है। पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद का कहना है कि प्रदेश के के सभी राज्य राजमार्गों पर सुगम यातायात के लिए न्यूनतम 2 लेन चौड़ा किए जाने के उद्देश्य से 260 किलोमीटर लंबाई वाली 13 परियोजनाओं पर जल्द काम शुरू होगा। इस काम के लिए 753 करोड़ रुपए का खर्च आएगा।
लोगों को मिलेगी अच्छी गुणवत्ता की सड़कें
बता दें कि यूपी सरकार के इस फैसले के बाद प्रदेश में कोई भी राज्य राजमार्ग दो लेन से कम चौड़ा नहीं बचेगा। इन 13 परियोजनाओं में जनपद फतेहपुर की तीन परियोजना, जालौन की 2.2 परियोजना जबकि गाजीपुर, प्रयागराज, वाराणसी, बरेली, मिर्जापुर, प्रतापगढ़ की एक-एक परियोजना को शामिल किया गया है। साथ ही लोक निर्माण विभाग आम जनमानस को अच्छी गुणवत्ता की सड़कें उपलब्ध कराने के लिए उच्च स्तरीय तकनीक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। जिससे लोगों को सुगम, आरामदायक और तीव्रगति से आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
सभी राज्य राजमार्ग न्यूनतम दो लेन के होंगे
मंत्री जितिन प्रसाद ने आगे बताया कि सीएम के मंशानुरूप प्रदेश में पूर्व से पश्चिम तक तथा उत्तर से दक्षिण तक किसी भी हिस्से में आवागमन में कोई असुविधा न होने पायेए इसको ध्यान में रखते हुए सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। विभाग के प्रमुख सचिव नरेंद्र भूषण ने बताया कि इस स्वीकृति के साथ ही प्रदेश के सभी राज्य राजमार्ग अब न्यूनतम दो लेन के हो जाएंगे। यही 13 सड़कें अभी सिंगल लेन बची थीं।
Published on:
8 Sep 2022, 10:16 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.