
इस नए जमाने में जाति को लेकर एक बड़ी शर्मनाक घटना हुई। मामला उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का है। जहां पर एक कम्पनी के डिलिवरी ब्वाय से इसलिए डिलिवरी नहीं ली गई कि वह जाति से दलित था। बात यहीं खत्म नहीं हुई आर्डर करने वालों ने डिलिवरी ब्वाय को जातिसूचक गालियां दी और बेरहमी से पीटा। इस बात से नाराज पीड़ित डिलिवरी ब्वाय ने आशियाना थाने में पीड़ित ने आशियाना थाने में तहरीर दी। जिस पर आशियाना पुलिस ने दो नामजद व 12 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि पुलिस ने डिलिवरी ब्वाय के आरोपों को इनकार कर दिया। और कहाकि, दो पक्षों में गाली देने को लेकर सिर्फ झगड़ा हुआ था। इसे जानबूझ कर पीड़ित दलित एंगल दे रहा है।
जोमेटो डिलिवरी ब्वाय का मामला जानें
मामला यह है कि, विनीत कुमार रावत किला मोहम्मदी गांव में अपने परिवार के साथ रहता है। वह कुरियर कंपनी में एसी प्लांटेशन का काम करता है। साथ में ही जोमेटो ऑनलाइन ऑर्डर होम डिलीवरी का भी काम करता है। विनीत ने बताया कि, शनिवार रात जोमेटो का आर्डर नंबर 4129487231 की डिलीवरी का मेसेज आया। और वह ऑर्डर लेकर सेक्टर-एच निवासी अजय सिंह के घर डिलीवर करने पहुंचा। डिलीवरी पैकेट लेने से पहले अजय सिंह ने नाम पूछा। डिलिवरी ब्वाय ने अपना नाम बता दिया। नाम सुनते ही नाम पूछने वाले व्यक्ति ने गालियां देनी शुरू कर दी। कहाकि, हम दलित का छुआ सामान नहीं लेंगे। इस पर विनीत ने विरोध करते हुए कहाकि, आपका ऑर्डर है। लेना है तो ले लीजिए नहीं तो ऑर्डर कैंसिल कर दीजिए। इस पर युवक भड़क गया।
मुंह पर थूक दिया तंबाकू
विनीत कुमार रावत का आरोप है कि, ऑर्डर कैंसिल की बात पर युवक भड़क गया। उसने मुंह में भरा तंबाकू चेहरे पर थूक दिया। विनीत ने इसका विरोध किया तो घर के अंदर मौजूद 12 अन्य लोग भी बाहर आ गये। और फिर लाठी-डंडे से पिटाई शुरू कर दी। किसी तरह वह वहां से जान बचाकर भागा। फिर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
मुकदमा दर्ज किया गया
सूचना पर पीआरवी मौके पर पहुंची। तो उसने विनीत की बाइक दिलवाई। पीड़ित ने अजय सिंह, अभय सिंह और 12 अन्य पर आशियाना थाने में तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार पांडेय के अनुसार, पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ एससी, एसटी एक्ट, मारपीट, बलवा, धमकी सहित कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
पुलिस कमिश्नर ने दूसरा पक्ष बताया
पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर के अनुसार, शनिवार रात विपिन रावत ऑर्डर लेकर कस्टमर के घर पहुंचा तो अजय सिंह अपने रिश्तेदार को घर छोड़ने जा रहे थे, वो जैसे ही घर से निकले जोमेटो डिलीवरी बॉय विनीत पहुंच गया। विनीत ने उनके घर का पता पूछा, अजय ने घर का पता बताने के लिए मुंह में खा रहे मसाला को थूका तो उसकी छींटे विनीत पर पड़ गयी। इस पर डिलिवरी ब्वाय विनीत ने अजय को गाली दे दी। इस पर अजय और उनके घरवालों ने जुटकर विनीत की पिटाई कर दी। झगड़े के बाद डॉयल 112 को सूचना दी गई। जिस पर 112 की टीम पहुंची और दोनों को थाने चलने के लिए कहा गया तो विनीत ने जाने से इनकार कर दिया और रविवार को वो वकील के साथ थाने आया। फिलहाल तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है।
Published on:
20 Jun 2022, 10:46 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.