3 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सूख गए खेत, आसमान ताक रहे किसानों के बिगड़े हालात, कलक्टर से की शिकायत

सूखे खेतों में पड़ी दरारों को देखकर किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें साफ झलक रही हैं

2 min read
Google source verification
CGNews

सूख गए खेत, आसमान ताक रहे किसानों के बिगड़े हालात, कलक्टर से की शिकायत

महासमुंद. अल्पवर्षा के बाद अब बारिश के इंतजार में किसानों के हालात बिगड़ गए हैं। सूखे खेतों में पड़ी दरारों को देखकर किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें साफ झलक रही हैं। आसमान की ओर किसानों की उम्मीद की टकटकी निगाह है। जिन गांवों के आसपास जलाशय हैं, वहां के किसान भी सिंचाई के लिए पानी को तरस गए हैं।

सोमवार को गढ़सिवनी के किसानों ने कलक्टर से मिलकर कोडार जलाशय से ज्यादा पानी छोडऩे की मांग की। वहीं एसडीओ से भी इस संबंध में चर्चा कर किसानों ने अपनी समस्या से अवगत कराया। किसान नहरों के माध्यम से खेतों तक पानी नहीं पहुंचने से आक्रोशित नजर आए। ज्ञात हो कि गढ़सिवनी में लगभग 500 किसान हैं। कोडार का पानी इनके खेतों में नहीं पहुंच रहा है। हाल ही में कोडार से पानी छोड़ा गया था, लेकिन गांव में एक बूंद पानी नहीं पहुंचा। किसानों का कहना है कि बरसात नहीं होने और गर्मी की वजह से धान की फसलों पर कीटों का प्रकोप है। कीटों से फसलों को बचाना एक चुनौती बन गई है। किसानों ने बताया कि चार साल पहले गांव की एक पुलिया टूट गई थी। जिसकी मरम्मत अभी तक नहीं हुई है। नहरों में धारा प्रवाह नहीं होने से मुसीबत बढ़ रही है। वहीं सोमवार की शाम एसडीओ ने गांव का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।

गढ़सिवनी के उपसरपंच शेष नारायण साहू ने बताया कि कोडार बांध गांव से मात्र 15 किमी की दूरी पर है और गांव में ही कोडार का पानी नहीं पहुंचा है। इससे किसानों को फसल खराब होने की चिंता बढ़ गई है। शासन को इस ओर शीघ्र प्रयास करना चाहिए। इस संबंध में हमने विधायक डॉ. विमल चोपड़ा से भी चर्चा की है। वहीं राजेश साहू ने बताया कि किसानों की समस्याओं का शीघ्र निवारण नहीं किया गया, तो आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे। इस अवसर पर गेंदलाल साहू, भानूराम, खोरबाहरा, लक्ष्मीनाथ, गुलाब चंद्र, तोमन सिंह ध्रुव, चंद्रभान साहू, घनाराम, सोमन सोनकर, रामकुमार आदि शामिल हुए।

ग्राम कुकराडीह के किसानों ने सोमवार को विधायक कार्यालय पहुंच कर खेतों तक पानी नहीं पहुंचने की शिकायत विधायक डॉ. विमल चोपड़ा से की। ग्राम से आए हुए किसान जीवन लाल साहू, भगवान सिंह, छबेलाल यादव, सेखू साहू, बीरसिंग दीवान, गंगू दीवान नरसिंग साहू ने बताया कि कोडार से पानी छोडऩे के बाद भी हमारे खेतों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। जमीन पर दरारें आ गई हैं और पानी नहीं मिला तो फसल पूरी तरह से बर्बाद हो जाएगी। समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक डॉ. विमल चोपड़ा ने किसानों के साथ सिंचाई विभाग पहुंचकर अधिकारी से चर्चा की और कुकराडीह के खेतों में पानी पहुंचे। इस संबंध में चर्चा की। उन्होंने कहा कि लगातार देखने में आ रहा है कि किसानों द्वारा पानी की मांग की जा रही है, लेकिन सिंचाई विभाग इसकी पूर्ति नहीं कर पा रहा है। जिसके कारण किसानों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। विधायक डॉ. चोपड़ा ने संबंधित अधिकारी को शीघ्र कुकराडीह माइनर का निरीक्षण करने और खेतों तक पानी पहुंचाने के निर्देश दिए।