
महोबा. भारतीय रेलवे प्रशासन द्वारा रेल यात्रियों को तमाम सुविधाओं के दावे हवा हवाई साबित हो रहे है। झांसी - मानिकपुर रेलवे लाइन एक के बाद एक रेल हादसों ने रेलवे प्रशासन के दावों की पोल खोलकर रख दी है। जी हां ताजा मामला महोबा जीआरपी थाना क्षेत्र के हरपालपुर रेलवे के पास का है जहां खजुराहो से उदयपुर जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन के इंजन में अचानक भीषण आग लगने से यात्रियों में भगदड़ मच गई है। ट्रेन में सवार यात्रियों की चीख पुकार सुनकर ट्रेन चालक द्वारा ट्रेन रोकते ही यात्रियों ने किसी तरह बोगियों से कूदकर अपनी जान बचाई। फिलहाल हादसे में घायल यात्रियों के राहत और बचाव के साथ गन्तव्य तक पहुंचाने के लिए महोबा जंक्शन से इंजन के साथ मेडिकल टीम घटना स्थल रवाना हो गई है।
यात्रियों में अफरा - तफरी मच गई
महोबा जीआरपी थाना क्षेत्र के महोबा जंक्शन से उदयपुर के लिए निकली ट्रेन संख्या -19665 इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन के इंजन में अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा -तफरी मच गई। इंजन में आग की लपटों को देख ट्रेन में सवार हजारों यात्रियों में भगदड़ मच गई। ट्रेन के रुकते ही बड़ी तादाद में यात्री अपनी जान बचाकर ट्रेन से कूद पड़े। महोबा से रेलवे की मेडिकल टीम घटना स्थल के लिए रवाना हो गई है। दरअसल जब ट्रेन हरपालपुर के बढ़ेरा होम सिग्नल के पास पहुंची तभी तकनिकी कारणों के चलते इंजन में आग लग गई। देखते ही देखते इंजन की आग का भीषण रूप हो गया। चालक ने सूझ बुझ दिखाते हुए ट्रेन को रोककर खड़ा कर दिया।
महोबा जंक्शन से एक इंजन भेजा गया
महोबा रेलवे स्टेशन के प्रबंधक के के अहिरवार ने बताया कि खुजराहो -उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 19665 के इंजन में हरपालपुर रेलवे स्टेशन के 5 किलोमीटर पहले आग लग गई थी। इंजन में आग लगने से ट्रेन झांसी मानिकपुर रेलवे ट्रेक के बीचों बीच खड़ी हो गई। रेल मंडल झांसी कंट्रोलर के आदेश पर महोबा जंक्शन से एक इंजन भेजा गया है। साथ ही एक रेलवे की मेडिकल टीम भी रवाना की गई है। आग लगने के क्या कारण हैं इसकी जांच अधिकारीयों द्वारा की जाएगी।
यात्रियों ने बताया कि अचानक इंजन में आग लगने से अफरा तफरी मच गई थी। किसी के जान माल का नुकसान नहीं हुआ है कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।
Published on:
5 May 2018, 5:04 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.