नई दिल्ली। मांग में नरमी के बावजूद इस सप्ताह कच्चे तेल के दाम में तेजी ( crude oil price rise ) के आसार हैं, क्योंकि अमरीका में तेल व गैस के भंडार में कमी आने से कीमतों को सपोर्ट मिल सकता है। वहीं, अमरीका और ईरान के बीच जारी तनाव से खाड़ी देशों से तेल की आपूर्ति प्रभावित होने का संकट भी बना हुआ है, जिससे पिछले सप्ताह कच्चे तेल के दाम में तेजी देखने को मिली। पिछले सप्ताह अंतर्राष्ट्रीय बाजार में बेंचमार्क कच्चा तेल ब्रेंट क्रूड ऑयल के दाम ( Brent Crude Oil Price ) में करीब दो डॉलर प्रति बैरल से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई। तेल बाजार विश्लेषक बताते हैं कि अमरीका में कच्चे तेल का उत्पादन घटने से कीमतों में तेजी की संभावना बनी हुई है, जिससे ब्रेंट क्रूड का भाव 70 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर तक जा सकता है।