
भाजपा से कर्नाटक का ताज छिनते ही शेयर बाजार धाराशायी, सेंसेक्स और निफ्टी में बड़ी गिरावट
नई दिल्ली। अधिकतर एशियाई बाजारों से मिली सकारात्मक खबरों के बावजूद कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी के सत्ता से बाहर होने और कच्चे तेल की कीमतों में हो रही बढ़ोत्तरी से देश की वित्तीय स्थिति प्रभावित होने की आशंका से सोमवार को कारोबारी सप्ताह के पहले दिन ही शेयर बाजार में बिकवाली हावी रही। इससे सेंसेक्स और निफ्टी धाराशायी हो गया। रिएल्टी, स्वास्थ्य और इंडस्ट्रियल्स सहित अधिकतर समूहों के गिरावट में रहने से बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 232.17 अंक लुढ़ककर 34,616.13 अंक पर और एनएसई का निफ्टी 79.70 अंक फिसलकर 10,516.70 अंक पर बंद हुआ। अमरीका के विदेश मंत्री स्टीवन म्यूचिन ने चीन के साथ टैरिफ के मामले पर आपसी समझौते की घोषणा की है जिससे दोनों आर्थिक महाशक्तियों के बीच आर्थिक युद्ध की संभावना फिलहाल टल गई है। इस घोषणा से उत्साहित निवेशकों की लिवाली से एशियाई बाजारों में तेजी देखी गई। लेकिन, घरेलू बाजार पर राजनीतिक कारण हावी रहे।
मजबूती के साथ खुले बाजार
विदेशी बाजारों में रही तेजी से सेंसेक्स भी मजबूती के साथ 34,873.16 अंक पर खुला। शुरूआती कारोबार में यह 34,973.95 अंक के दिवस के उच्चतम स्तर को छूने के बाद फिर पूरे दिन लाल निशान में रहा। यह 34,593.82 अंक के दिवस के निचले स्तर तक गोता लगाता हुआ गत दिवस की तुलना में 0.67 फीसदी की गिरावट में 34,616.13 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की मात्र छह कंपनियां हरे निशान में जगह बना पाईं। निफ्टी की शुरूआत भी सेंसेक्स की तरह बढ़त में 10,616.70 से हुई। कारोबार के दौरान 10,621.70 अंक के उच्चतम और 10,505.80 अंक के निचले स्तर को छूता हुआ यह गत दिवस की तुलना में 0.75 फीसदी की गिरावट में 10,516.70 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी की 33 कंपनियां गिरावट में और 15 तेजी में रही, जबकि शेष दो कंपनियों के शेयरों के भाव अपरिवर्तित रहे।
छोटी और मझोली कंपनियों में अधिक बिकवाली
दिग्गज कंपनियों की अपेक्षा छोटी और मंझोली कंपनियों में अधिक बिकवाली देखने को मिली। बीएसई का मिडकैप 259.93 अंक यानी 1.64 फीसदी की गिरावट में 15,635.75 अंक पर और स्मॉलकैप 2.20 फीसदी यानी 380.40 अंक की गिरावट में 16,946.38 अंक पर बंद हुआ। बीएसई में कुल 2,802 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें 1,970 में गिरावट, 680 में तेजी और 152 में शेयरों की कीमत अपरिवर्तित रही। एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई कंपोजिट 1.23, दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.50, हांगकांग का हैंगशैंग 0.34 और जापान का निक्की 0.40 फीसदी की तेजी में बंद हुआ। यूरोपीय बाजारों में ब्रिटेन का एफटीएसई 0.12 और जर्मनी का डैक्स 0.28 फीसदी की गिरावट में रहा।
पीएसयू और आईटी सेक्टर के शेयरों में रही तेजी
बीएसई के 20 समूहों में पीएसयू में 0.57, तेल एवं गैस में 0.10 और आईटी में 0.14 फीसदी की तेजी रही। रिएल्टी समूह में सबसे अधिक 3.11, स्वास्थ्य में 2.55, सीडी में 2.07, इंडस्ट्रियल्स में 2.03, बेसिक मैटेरियल्स में 1.87, सीडीजीएस में 1.68, ऊर्जा में 0.06, एफएमसीजी में 0.85, वित्त में 0.92, दूरसंचार में 0.30, यूटिलिटीज में 0.82, ऑटो में 1.92, बैंकिंग में 0.32, पूंजीगत वस्तुओं में 0.79, धातु में 1.59, बिजली में 1.06 और टेक में 0.07 फीसदी की गिरावट रही। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में भारतीय स्टेट बैंक में 2.47, टीसीएस में 1.59, कोल इंडिया में 1.26, आईसीआईसीआई बैंक में 1.13, ओएनजीसी में 0.43 और पावर ग्रिड में 0.14 फीसदी की तेजी रही। सन फार्मा के शेयर 4.50, डॉ रेड्डीज के 4.23, यस बैंक के 3.27, टाटा मोटर्स के 2.85, हीरो मोटोकॉप्र्स के 2.58, टाटा स्टील के 2.47, बजाज ऑटो के 2.07, एचडीएफसी के 2.00, विप्रो के 1.69, हिंदुस्तान यूनीलीवर के 1.57, कोटक बैंक के 1.57, एनटीपीसी के 1.32, महिंद्रा एंड महिंद्रा के 1.05, एचडीएफसी बैंक के 1.04, मारुति के 0.99, एक्सिस बैंक के 0.75, अदानी पोटर्स के 0.60, एशियन पेंट्स के 0.53, भारती एयरटेल के 0.48, इंडसइंड बैंक के 0.48, एल एंडटी के 0.16, रिलायंस के 0.16, इंफोसिस के 0.10 और आईटीसी के 0.02 फीसदी लुढ़क गए।
Published on:
21 May 2018 05:34 pm
बड़ी खबरें
View AllShare Market News
कारोबार
ट्रेंडिंग
