
मथुरा. उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले की थाना कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बीते दिनों एक हेड कांस्टेबल के घर में हुई लाखों के गहने की चोरी का खुलासा पुलिस ने किया है। साथ ही पुलिस ने चोरी की घटना को अंजाम देने वाले दो चोरों को गिरफ्तार किया है।
26 अगस्त को हुई थी चोरी
बता दें कि मथुरा में भगवान श्री कृष्ण जन्मभूमि पर तैनात पुलिस हेड कांस्टेबल थान सिंह के घर में बीते 26 अगस्त को छत के रास्ते घर में घुस कर चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। घटना वाले दिन हेड कांस्टेबल किसी काम से बाहर गए हुए थे। बताया गया कि चोरों ने हेड कांस्टेबल की बेटी की शादी के लिए लाए गए गहने चोरी कर ले गए। इनमें सोने और चांदी के लाखों रुपए के गहने शामिल थे।
एसएसपी ने दी जानकारी
मथुरा के एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर ने बताया कि कृष्ण जन्मभूमि पर तैनात सिपाही के घर में रखे गहनों की चोरी का आज कोतवाली पुलिस द्वारा सफलतापूर्वक खुलासा किया गया है। साथ ही चोरी किए गई गहनों को बरामद कर लिया गया है। इन गहनों में चार चूड़ी सोने की, चार जंजीर सोने की, 2 गले के हार, एक मंगलसूत्र, एक अंगूठी सोने की, टीका सोने के 4 जोड़ी, तोड़िया चांदी की 2 जोड़ी, कान के टॉप्स के साथ 15 हज़ार नकद और दो मोबाइल फोन इन चोरों से बरामद हुआ है। वहीं घटना का अनावरण करते हुए पुलिस द्वारा दो चोरों को गिरफ्तार किया गया है। जिसमें जमील उर्फ छोटे तथा आबिद शामिल है।
BY: Nirmal Rajpoot
Published on:
10 Sep 2021, 4:20 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.