
मथुरा। थाना कोसीकलां क्षेत्र के नेशनल हाईवे 2 पर पुलिस ने चेकिंग अभियान के तहत अवैध अंग्रेजी शराब से भरे ट्रक को पकड़ा है साथ ही पुलिस ने दो शराब तस्करों को भी हिरासत में लिया है। बताया गया है कि ये अवैध शराब की खेप राजस्थान से कानपुर के लिए लेकर जा रहा था। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया।
इन दिनों पुलिस ने अपराधियों की धर पकड़ का अभियान छेड़ रखा है और इसी अभियान के तहत थाना कोसीकलां पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने सयुक्त कार्रवाई करते हुए कोसीकलां के नेशनल हाईवे 2 पर मुखबिर की सूचना पर आबकारी विभाग की टीम के साथ चेकिंग अभियान शुरू की। मुखबिर द्वारा बताए गए ट्रक संख्या RJ-04, GA-1460 को रोककर चेक किया गया तो ट्रक में अरुणाचल मार्का की 800 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। राजस्थान के रहने वाले दो लोग दोलाराम और धीराराम को गिरफ्तार किया गया है।
शराब तस्करी रोकने के लिए लगातार चलेगा अभियान
ट्रक पर पुलिस को चकमा देने के लिए दो नंबर प्लेट लगायी गयी थीं। राजस्थान में ट्रक को राजस्थान नंबर की प्लेट लगाकर चलाया करते थे और यूपी में ट्रक पर यूपी की नंबर प्लेट संख्या UP-85, AR- 4214 को ट्रक पर लगाकर चलाया करते थे। पकड़ी गयी शराब की कीमत करीब 20 लाख रूपए बताई जा रही है। छाता के क्षेत्राधिकारी चंद्रधर गौड़ ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी को रोकने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अभियान चलाया जा रहा है। उसी के अंतर्गत आज कोसीकलां थाना प्रभारी और आबकारी इंस्पेक्टर ने एक टीम गठित की और मुखबिर की सूचना पर नेशनल हाईवे 2 पर चेकिंग अभियान शुरू किया। अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी रोकने के लिए आगे भी इसी तरह के अभियान चलते रहेंगे।
Published on:
13 Apr 2018, 5:43 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.