
मेरठ। जिले में कोरोना की चेन लगातार बढ़ती जा रही है। रविवार को सात और नए मरीज सामने आए हैं। चिंताजनक यह है कि ये सभी पूर्व में कोरोना संक्रमित हो चुके पीएसी जवान के संपर्क वाले हैं। जिले में सात नए केस के साथ कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 327 हो चुकी है, 19 मरीज जान गंवा चुके हैं, जबकि 146 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं। कोरोना वायरस के छठी वाहिनी में संक्रमण से स्वास्थ्य विभाग में अफरातफरी का माहौल है।
सीएमओ डा. राजकुमार ने बताया कि नए मरीजों में पीएसी का एक हेड कांस्टेबल, एक फालोअर व पांच प्रशिक्षु हैं। सभी छठी वाहिनी पीएसी के हैं। ये सभी 13 मई को पॉजिटिव संक्रमित मिले छठी वाहिनी पीएसी के चार संक्रमित जवानों के संपर्क वाले हैं। सीएमओ ने बताया कि इनके संपर्क के लोगों की सूची तैयार की जा रही है। रविवार को कोरोना के 524 सैंपल टेस्ट को लिए गए थे। जिनमें से सात कोरोना पॉजीटिव पाए गए। ये सभी सात मरीज छठी वाहिनी पीएसी जवान के संपर्क वाले थे।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पूर्व में भी जवान के अलावा उसके घर में किराए पर रहने वाले तीन रिक्रूट कोरोना संक्रमित पाए गए थे। जवान के संपर्क वाले सात और लोग कोरोना पॉजीटिव निकले। इन सभी के परिवारवालों को क्वंरटाइन कर दिया गया है। इसके साथ ही जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 327 तक पहुंच गई है। जबकि मरने वालों का आंकड़ा 19 तक पहुंच गया है।
Published on:
18 May 2020 11:02 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
