जानकारी के अनुसार जेई निवासी हारून ट्यबवेल की बोरिंग का काम करता है। परिजनों के अनुसार शाम करीब छह बजे हारून की सात वर्षीय पुत्री मुदस्सिर घर की छत पर खेल रही थी। इसी बीच उसने बराबर से गुजर रही 11 हजार की हाईटेंशन लाइन में दो पतंग उलझी देखीं। नासमझ मुदस्सिर ने निकट रखा लोहे का सरिया उठाकर पतंग निकालने का प्रयास किया तो सरिये में उतरे हाई वोल्ट करंट से उसके शरीर में ब्लास्ट हो गया। धमाका सुनकर छत पर पहुंची बच्ची की ताई संजीदा पत्नी सारून ने उसे छुड़ाने का प्रयास किया तो वह भी कई जगह से झुलस गई। उधर, घटना के बाद मकान में करंट उतर गया, जिसकी चपेट में आकर अयान नाम का बच्चा भी झुलस गया। हादसे में मुदस्सिर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। झुलसी हुई महिला संजीदा और अयान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के बाद पहुंची पुलिस के सामने परिजनों ने कार्रवाई से इंकार कर दिया। घटना के बाद बच्ची के परिजनों में कोहराम मचा है। बताया जाता है मृतका अपने पिता के सात बच्चों में तीसरे नंबर की संतान थी।