
मेरठ। कोरोना संक्रमण के कारण जान गंवाने वाले संतोष अस्पताल के कर्मचारी का बेटा भी कोरोना पॉजीटिव निकला। रविवार को हुई जांच में उसके कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। राहत की बात ये रही कि संतोष अस्पताल के पूरे स्टाफ की रिपोर्ट नेगेटिव आयी है। कुल 71 सैंपलों की जांच हुई थी, जिनमें से एक ही पॉजीटिव निकला। जिससे प्रशासन ने भी राहत की सांस ली। एक नए मरीज के साथ जनपद में कोरोना पीडि़तों की संख्या 74 हो गई है।
बता दें कि दो दिन पहले संतोष अस्पताल के अकाउंटेंट राजनगर निवासी व्यक्ति की मौत के बाद उनमें कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इसके बाद से ही संतोष अस्पताल के सारे स्टाफ को क्वांरटाइन करते हुए इनके नमूने जांच के लिए भेजे गए थे। इसके अलावा मृतक के परिवार के चार सदस्यों, उनके घर में रहने वाले तीन किराएदार और एक दूधिया के सेंपल भी जांच के लिए भेजे गए थे। रविवार शाम रिपोर्ट आयी तो केवल चंद्रपाल के बेटे में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई।
बाकी सैंपल निगेटिव निकले। जिसके बाद प्रशासन के साथ ही अस्पताल से जुड़े स्टाफ और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली। हालांकि अभी भी संतोष अस्पताल के स्टाफ को वहीं पर 14 दिनों के लिए क्वारंटाइन किया जाएगा। इसके बाद उन सभी का एक टेस्ट और होगा। उसके बाद ही घर जाने की अनुमति दी जाएगी। अब मेरठ में कोरोना संक्रमितों की संख्या 74 हो गई है। जिनमें से तीन लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 17 को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
Published on:
20 Apr 2020 08:40 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
