कड़ाके की ठंड के कारण स्कूलों की दस से ज्यादा दिन की छुट्टी हो चुकी है। वेस्ट यूपी (West UP) के कई जनपदों में तो ठंड के कारण जिला प्रशासन ने छुट्टी कर रखी है। मेरठ जनपद (Meerut District) में स्कूल खुले हुए हैं, लेकिन स्कूल के बच्चे अब भी ठंड के कारण छुट्टी चाहते हैं। पिछले दो दिन से जनपद में बारिश हो रही है। मेरठ के आसपास के जनपदों हापुड़, बागपत और मुजफ्फरनगर में ठंड के कारण छुट्टी कर दी गई है। इसे देखते हुए मेरठ जनपद के स्कूली बच्चों ने दिनभर छुट्टी की घोषणा का इंतजार किया, लेकिन शाम तक जब डीएम अनिल ढींगरा (DM Anil Dhingra) ने छुट्टी के आदेश जारी नहीं किए तो बच्चों ने बीएसए (BSA), डीआईओएस (DIOS) व अन्य अफसरों के यहां छुट्टी किए जाने संबंधी आदेश के बारे में पूछा। जब उन्हें बताया गया कि छुट्टी का कोई आदेश जारी नहीं हुआ है तो बच्चों ने बुधवार की रात में डीएम अनिल ढींगरा के सीयूजी नंबर पर ही फोन करना शुरू कर दिया।