मेरठ. कोरोना के बढते मामलों के बीच मेरठ के व्यापारी प्रशासन पर दुकान खोलने का दबाव बना रहे हैं। इसको लेकर कई बार व्यापारी प्रदर्शन भी कर चुकेे हैं, लेकिन वे प्रशासन पर दबाव बनाने में बिल्कुल सफल नहीं हो सके हैं। इसी मुद्दे को लेकर बचत भवन में डीएम अनिल ढींगरा ने व्यापारी प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की, जिसमें डीएम ने कहा कि महानगर में सर्किलवाइज दुकानें खोली जाएगी। इन सर्किलों में भी सिर्फ सफाई और देखभाल के लिए ही दुकानें दोपहर 1 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक के लिए खोली जा सकेंगी। यानी 3 घंटे दुकानें सिर्फ साफ-सफाई के लिए ही खुलेंगी। डीएम अनिल ढींगरा और व्यापार संगठनों के साथ जनप्रतिनिधियों की बैठक में यह फैसला लिया। डीएम ने व्यापारी संगठनों को चेतावनी भी दी अगर कोई व्यापारी इसके बाद दुकान खोलते हुए पाया गया या समान बेचता पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।