मेरठ। कभी आपका मोबाइल खो गया हो तो आप उसकी थाने में शिकायत कर मुहर लगे प्रार्थना पत्र पर एक दूसरा सिम निकलवाकर नया मोबाइल ही खरीदेंगे। खोए हुए मोबाइल को मिलने का तो ख्याल ही छोड़ देंगे, लेकिन अगर आपके पास पुलिस थाने या एसएसपी कार्यालय से कोई फोन आए और वहां से कोई बोल रहा हो कि आपका खोया मोबाइल मिल गया है आप आकर ले जाए। तो आपको कैसा लगेगा। एक बार तो आपको विश्वास ही नहीं होगा। मेरठ के करीब 70 लोगों को ऐसा ही लगा जब उनके पास एसएसपी कार्यालय से फोन आया कि उनका मोबाइल पुलिस के पास है और वे जरूरी कागजी कार्रवाई कर अपना मोबाइल ले जाएं। मेरठ पुलिस ने करीब 7 लाख के मोबाइल जो कि चोरी हो गए थे या लूट लिए गए थे, लोगों को वापस किए हैं। मेरठ पुलिस का यह मानवीय चेहरा लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।