मेरठ। शहर के जागृति विहार एक्सटेंशन ग्राउंड में राष्ट्रोदय कार्यक्रम स्थल पर सर संघ संचालक मोहन भागवत के यहां दिए गए संदेश को हर व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। ये इंतजाम वेस्ट यूपी में हुए किसी कार्यक्रम में सुनने को नहीं मिले। 25फरवरी को हाेने वाले राष्ट्रोदय कार्यक्रम में यहां लगने वाले लाउडस्पीकर की संख्या जानने पर आप जरूर चौंक सकते हैं, क्योंकि इतनी संख्या में लाउडस्पीकर अब तक यहां कभी नहीं लगे। आयोजकों का कहना है कि कार्यक्रम स्थल पर नौ हजार लाउड स्पीकरों की व्यवस्था की गई है। इन्हें लगाने का काम कर रही कंपनी तायल के सुपरवाइजर सुनील का कहना है कि वैसे तो वे लोग मेले और कुंभ के बड़े आयोजनों में लाउडस्पीकर और सांउड सिस्टम लगाने का काम करते हैं, लेकिन किसी निजी कार्यक्रम में इतनी बड़ी संख्या में लाउडस्पीकर लगाने का काम पहली बार कंपनी कर रही है। इससे पहले यह कंपनी कुंभ और अर्धकुंभ में लाउडस्पीकर लगा चुकी है। कुंभ में करीब 20 हजार लाउडस्पीकर लगाए जाते हैं। निजी कार्यक्रम में नौ हजार लाउडस्पीकर सबसे बड़ी संख्या है।