
नई दिल्ली। कोरोना क्राइसिस और लॉकडाउन 2.0 के बीच लोगों की सुरक्षा में दिन रात तैनात दिल्ली पुलिस के जवानों का कोरोना की चपेट में आने का सिलसिला जारी है। अभी तक दिल्ली पुलिस के 9 जवान कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। इस बात को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस कमिश्नर एसएन श्रीवास्तव अब खुद मैदान में उतर गए हैं।
चिंताजनक हालात को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस कमिश्नर एसएन श्रीवास्तव ड्यूटी प्वॉइंट पर तैनात पुलिसवालों को कोरोना संक्रमण से बचने के टिप्स दे रहे हैं। साथ ही पुलिस के बीच कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए काफी एहतियात बरती जा रही है।
डीसीपी दक्षिण-पूर्व आरपी मीणा का कहना है कि हर पुलिसकर्मी को सैनेटाइजर, मास्क और गलव्स मुहैया करा दिया गया है। ड्यूटी प्वाइंट को सैनेटाइजर का छिड़काव कर सुरक्षित किया जा रहा है। आवश्यकता के अनुसार पीपीई किट भी पुलिसकर्मियों को दी गई है।
डीसीपी के मुताबिक गोविंदपुरी थाने में सैनेटाइजर टनल लगाई गई है। ड्यूटी पर मुस्तैद पुलिसवालों को विटमिन सी की गोलियों के साथ पौष्टिक जूस भी दिया जा रहा है। आरपी मीणा खुद भी पहले की अपेक्षा लॉकडाउन के वक्त 15 घंटे से ऊपर ड्यूटी कर रहे हैं।
लॉकडाउन को प्रभावी बनाने के लिए वह अपने परिवार के पास भी जाने से इस वक्त बचते हैं। डीसीपी का कहना है कि दिनभर सड़कों पर रहने के बाद अपने परिवार को भी सुरक्षित रखना भी एक पुलिसवाले का कर्तव्य होना चाहिए।
Updated on:
21 Apr 2020, 9:46 AM IST
Published on:
21 Apr 2020, 9:36 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.