
नई दिल्ली: केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। बुधवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में महंगाई भत्ते में 2 फीसदी बढ़ोत्तरी को मंजूरी दी गई है। अब केंद्रीय कर्मचारियों को महंगाई भत्ता 7 फीसदी मिलेगा। इससे पहले यह भत्ता 5 फीसदी मिल रहा था। कर्मचारियों को बढ़ा हुआ भत्ता 1 जनवरी 2018 से मिलेगा। सरकार के इस फैसले से देश में 1 करोड़ से ज्यादा कर्मचारियों और पेंशनर्स को लाभ पहुंचेगा।
बता दें कि देश में लगभग 49 लाख केंद्रीय कर्मचारी और 61 लाख से पेंशनर्स हैं, महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का लाभ इन सभी तक पहुंचेगा। केंद्रीय कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों के मुताबिक सैलरी मिल रही है।
पीएफ अकाउंट की राशि से भी खरीद सकेंगे घर
महंगाई भत्ता में बदलाव के बाद केंद्र सरकार एंप्लॉयीज प्रोविडेंट फंड मेंबर्स (ईपीएफओ) के नियमों में बड़े बदलाव की तैयारी में है। जल्द ही इसमें बदलाव होगा। अगर यह बदलाव हो जाता है तो कर्मचारी पीएफ अकाउंट में मौजूद राशि में 90 फीसदी रकम घर खरीदने में इस्तेमाल कर सकेंगे। इससे सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि घर खरीदने के इच्छुक कर्मचारियों को डाउन पेमेंट अदा करने में काफी सुविधा होगी। इस बात का खुलासा केंद्र सरकार ने आज संसद में किया है। केंद्रीय श्रम मंत्री बंडारू दत्तात्रेय ने ने संसद में कहा कि ईपीएफओ से पैसा निकालने के नियमों में बदलाव किया जा रहा है। नियम बदलने के बाद लोग घर खरीदने के लिए 90 फीसदी तक रकम निकाल सकेंगे। यही नहीं पीएफ अकाउंट के जरिए ईएमआई भी चुकता की जा सकेगी। इसमें यह शर्त होगी कि कम से कम 10 पीएफ होल्डरों को मिलकर एक को-ऑपरेटिव सोसाइटी का गठन करना होगा। इसके बाद ही वे लोग रकम निकाल सकेंगे। उन्होंने कहा कि अधिकतर कर्मचारी अपना पूरा जीवन किराए के मकानों में काटने के लिए मजबूर हैं। इसलिए सरकार लोगों को घर खरीदने में मदद करने की इच्छुक है। बता दें कि फिलहाल ईपीएफओ के दायरे में आने वाले सभी कर्मचारियों को अपने मूल वेतन का 12 फीसदी भविष्य निधि में देना होता है। इसमें मूल वेतन के अलावा महंगाई भत्ता शामिल होता है।
Published on:
7 Mar 2018, 8:48 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.